चंडीगढ़ के सेक्टर-23/डी में शनिवार दोपहर दिनदहाड़े घर में घुसकर दो नकाबपोश बदमाशों ने चाकू दिखाकर एक युवक से 150 ग्राम सोना लूट लिया। सूचना पर सेक्टर-17 थाना प्रभारी रामरतन शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और वारदात की जानकारी लेने के साथ पीड़ित व आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानकर चल रही है।
पुलिस कंट्रोल रूम में शनिवार दोपहर लगभग साढ़े तीन बजे सूचना मिली कि सेक्टर-23 डी के मकान नंबर-3488 के सबसे ऊपर वाली मंजिल पर एक युवक को चाकू दिखाकर 150 ग्राम सोना लूटा गया है। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना व सेक्टर-22 पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पीड़ित सम्राट (24) ने बताया कि वह मूलरूप से पश्चिम बंगाल का रहने वाला है।
दोपहर में लगभग ढाई बजे दो युवक उसके कमरे में आए और चाकू निकाल लिया। दोनों ने डरा-धमका कर 150 ग्राम सोना लूट लिया और फरार हो गए। सम्राट ने कहा कि मकान में उसके साथ आशीष नाम का युवक भी रहता है। सुनार उसे सोना दे देते हैं और फिर मांग के अनुसार बालियां, कड़ा, मंगलसूत्र व अन्य गहने बनाकर देता है। उसे इसका कमीशन मिलता है।
आशीष फिलहाल सोलन गया है। दोपहर में वह अकेला था। सम्राट के अनुसार, जो दोनों लुटेरे उससे लूटपाट करके गए हैं, वह दो माह पहले भी उसके पास सोने का कड़ा बनवाने आए हुए थे। वहीं पुलिस ने आसपास घरों में लगे सीसीटीवी फुटेज ले ली है। फुटेज में मास्क पहने दो संदिग्ध युवक जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस के अनुसार, सम्राट व आशीष पिछले आठ महीनों से इस मकान में किराए पर रह रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर मामले की जांच में जुटी है।