जरा सी लापवाही ने बुझा दिया एक घर का 'दीपक'
जरा सी लापरवाही कितनी महंगी पड़ सकती है, इसका ताजा उदाहरण है ये हादसा। जिसने एक घर का 'दीपक' बुझा दिया और पिता रो रोकर बेहोश हो गए। चंडीगढ़ में सेक्टर-46/47 लाइट प्वाइंट पर शुक्रवार रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मोहाली फेज-10 निवासी 25 वर्षीय दीपक के रूप में हुई है। पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कार चालक खन्ना निवासी इंदरजीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, शुक्रवार रात बाइक सवार दीपक इंडस्ट्रियल एरिया से मोहाली की तरफ जा रहा था। सड़क की रिपेयरिंग होने के कारण दूसरा लेन बंद था, इस दौरान सामने से आए कार चालक ने उसे टक्कर मार दी। इस हादसे में दीपक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सूचना पाकर पहुंची पीसीआर ने दीपक को पीजीआई में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, सूचना पाकर पीड़ित के परिजन भी मोहाली फेज-10 से पीजीआई पहुंच गए थे।
तीन बहनों में अकेला था
हादसे में जान गवाने वाला दीपक तीन बहनों में अकेला भाई था। उसे फोटोग्राफी का शौक था। वह बचपन से अपने पिता लल्लन प्रसाद से कहता था कि एक दिन फोटोग्राफी की दुनिया में नाम और पैसा कमाएगा। दीपक इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्राइवेट स्टूडियो में जॉब करता था।
बयान देते पिता हुए बेहोश
सेक्टर-31 थाना प्रभारी जसविंदर कौर ने बताया कि हादसे के बाद पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। हादसे में शिकायत के तौर पर पुलिसकर्मियों ने पीड़ित पिता का बयान दर्ज किया। इस दौरान बेटे दीपक के बारे में बताते हुए वह बेहोश हो गए। करीब चार घंटे बाद पीड़ित पिता ने दोबारा बयान दर्ज करवाया।