चंडीगढ़ पीयू के कर्मचारी को पुलिस चौकी में पीटने का मामला सामने आया है। कर्मचारी देवेंद्र ने आरोप लगाया कि सेक्टर-25डी की पुलिस चौकी में कांस्टेबल सचिन ने उसे डंडों से पीटा। मारपीट में कर्मचारी गंभीर रूप से घायल है। उसके शरीर पर चोट के निशान और पैर में सूजन है। देवेंद्र ने आरोप लगाया कि सिपाही ने उससे 30 हजार रुपये भी मांगे। मारपीट के दौरान सचिन के साथ तीन अन्य पुलिसकर्मी भी थे।
सेक्टर-25 निवासी देवेंद्र ने एसएसपी कंवरदीप कौर को लिखित शिकायत देकर इंसाफ की गुहार लगाई है। देवेंद्र के परिवार ने एसएसपी से मुलाकात की। एसएसपी ने मामले की जांच डीएसपी उदयपाल को सौंपी है। पुलिस अधिकारी ने कहा कि घायल की मेडिकल रिपोर्ट की भी जांच की जा रही है। जल्द ही बनती कार्रवाई की जाएगी।
देवेंद्र ने बताया कि वह पीयू में क्लीनर के रूप में कार्यरत है। बुधवार की सुबह 9:15 बजे ड्यूटी के दौरान कांस्टेबल सचिन ने उसे फोन कर बाहर बुलाया और जबरन अपनी कार में बैठाया। सचिन ने कहा कि उसका पुलिस सत्यापन पेंडिंग है। इसके बाद वह देवेंद्र को पीयू पुलिस चौकी में ले गया। सचिन ने उसे कहा कि उसके पास कट्टा है। उसके कपड़े उतरवाकर चेकिंग की, लेकिन कुछ नहीं मिला। देवेंद्र ने आरोप लगाया कि सचिन ने डंडों से बुरी तरह उसकी पिटाई की। उन्हें और उनके परिवार को धमकी दी कि उन्होंने कार्रवाई की या शिकायत वापस नहीं ली तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। वह चोट लगने के कारण वह कई दिनों तक ड्यूटी भी नहीं जा सकता।