सेक्टर-49 स्थित लेबर ब्यूरो इंप्लाइज कोऑपरेटिव हाउस बिल्डिंग सोसाइटी के पूर्व सेक्रेटरी ओपी भार्गव पर सोसाइटी में लाखों रुपयों की धांधली करने का केस दर्ज हुआ है। प्रशासन द्वारा नियुक्त सोसाइटी के प्रशासक प्रदीप कुमार की शिकायत पर सेक्टर-49 पुलिस थाने में यह केस दर्ज किया गया है।
ओपी भार्गव पर सोसाइटी में करीब 41 लाख रुपये की धांधली का आरोप लगा है। सोसाइटी के सदस्यों का कहना है कि ओपी भार्गव ने कभी उन्हें खातों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड में जमा करने के लिए सोसाइटी के लोग जो लीज मनी का पैसा इकट्ठा करके देते थे, उन्हें भार्गव बोर्ड में जमा नहीं कराता था। वह लीज मनी के रुपयों में गबन करता रहा।
सदस्यों का कहना है कि सोसाइटी के एक फ्लैट में जबरन घुसने की कोशिश करने के आरोप में भार्गव को जिला अदालत से भी दोषी करार दिया जा चुका है। जिसमें उसे तीन साल की सजा सुनाई गई थी।
इस समय भार्गव जमानत पर रिहा है। फिलहाल ताजा दर्ज मामले में पुलिस ने भार्गव को अभी गिरफ्तार नहीं किया है। ओपी भार्गव सेक्टर-17 में लेबर ब्यूरो ऑफिस में इन्विजिलेटर के पद पर तैनात था। लेकिन कोर्ट से दोषी करार दिए जाने के बाद उसे विभाग ने निलंबित कर दिया था।