पंजाब के अमृतसर में शोरूम से ट्रायल पर कार ले जाने के बाद पिस्तौल के दम पर लूटने का मामला सामने आया है। चाटीविंड थाना की पुलिस ने रंजीत एवेन्यू निवासी राजवीर सिंह के खिलाफ केस दर्ज करके उसे काबू करने के लिए दबिश देनी शुरू कर दी है। तरनतारन रोड स्थित शहीद ऊधम सिंह नगर निवासी सरबजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जीटी रोड स्थित नावल्टी हुंडई के शोरूम में सेल्समैन के तौर पर काम करता है।
चार जनवरी 2023 की शाम करीब 3:15 बजे एक युवक मास्क पहने शोरूम में आया और ग्रैंड आई -10 कार खरीदने के संबंध में जानकारी मांगने लगा। इस पर उनके सेल्समैन विनय कुमार ने कार की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। आरोपी ने अपना नाम राजवीर सिंह बताया और पहचान के तौर पर अपना आधार कार्ड और लाइसेंस जमा करवाया, जिसमें राजवीर सिंह पुत्र उदय सिंह निवासी रंजीत एवेन्यू बी ब्लाक का पता था।
शिकायतकर्ता ने बताया कि कार के बारे में पूरी जानकारी हासिल करने के बाद आरोपी ने टेस्ट ड्राइव की मांग की और करीब 3:50 बजे आरोपी सेल्समैन विनय के साथ कार लेकर ड्राइव पर निकल गया। आरोपी मानावाला से आगे दिल्ली पब्लिक स्कूल से यूटर्न लेकर वापस अमृतसर की तरफ आ रहा था तो करीब 4:20 बजे वह पिंगलवाड़ा मानावाला के पास पहुंचा तो उसने कार को रोक दिया। आरोपी ने पिस्तौल निकालकर सेल्समैन विनय को डराकर कार से बाहर निकलने को कहा और फिर आरोपी ने एक फायर भी किया। विनय डरकर कार से उतर गया और आरोपी कार लेकर फरार हो गया।
जांच अधिकारी सुखवंत सिंह ने बताया कि आरोपी के आधार कार्ड और लाइसेंस की जांच के दौरान ये जाली मिले हैं। उन्होंने बताया कि कार के शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उम्मीद है उसे जल्द ही उसे काबू करके कार बरामद कर ली जाएगी।