जीरकपुर-बनूड़ रोड पर सोमवार रात तेजरफ्तार कैंटर ने बाइक सवार को बुरी तरह कुचल दिया। बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना दर्दनाक था कि कैंटर के नीचे दबे युवक के शव को जेसीबी मशीन द्वारा निकालने में एक घंटा लगा।
जानकारी के मुताबिक संदीप सिंह (24) पुत्र बलकार सिंह, दफरपुर, डेराबस्सी का निवासी था। वह कराला स्थित प्राइवेट बिल्डर रॉयल सिटी में काम करता था। सोमवार रात भी वह कराला से बाइक पर घर लौट रहा था।
जब वह रामपुर कलां के पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी जीरकपुर की तरफ से आ रहे तेजरफ्तार कैंटर किसी वाहन को ओवरटेक करने के चक्कर में संतुलन खो बैठा। कैंटर ने अपनी साइड में जा रहे संदीप को चपेट में ले लिया।
संदीप बाइक समेत कैंटर के नीचे आ गया। कैंटर के नीचे आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक संदीप के पिता बलकार सिंह पंजाब पुलिस के मुलाजिम हैं। संदीप उनका इकलौता बेटा था, कुछ ही महीने पहले उसका विवाह हुआ था।