विदेशी ब्रांड की सिगरेट पीने वालों के खिलाफ सख्त रूख अख्तियार करते हुए सरकार जल्द ही मुहिम छेड़ेगी। पंजाब का सेहत विभाग विदेशी ब्रांड की सिगरेट के खिलाफ मुहिम छेड़ेगा। ऐसे ब्रांड की बिक्री बंद कराई जाएगी, जिन पर सेहत को नुकसान संबंधी चेतावनी नहीं दर्ज है।
सेहतमंत्री सुरजीत ज्याणी की अगुवाई में हुई बैठक के दौरान यह मामला सामने आया। अधिकारियों ने बताया कि राज्यों में विदेशी, खासकर चीन में बनी सिगरेट बिक रही हैं।
इस पर चेतावनी का जिक्र नहीं है। नई दिल्ली की बिहेवियरल साइंटिस्ट मीका आही की ओर से दिए आंकड़ों के मुताबिक पंजाब में करीब 24 लाख लोग तंबाकू का सेवन करते हैं।
ज्याणी ने कहा कि पंजाब सरकार केंद्र की ओर से तंबाकू उत्पादों पर 85 प्रतिशत तक चेतावनी दर्ज करने के प्रस्ताव का समर्थन करेगी।
प्रमुख सचिव विन्नी महाजन ने सभी डीसी से कहा कि वे एनजीओ को भी तंबाकू विरोधी मुहिम में शामिल करें। विभागों में आपसी तालमेल के लिए एक-एक नोडल अफसर नियुक्त किया जाए।