चंडीगढ़ से बड़ी खबर आ रही है। यहां कलाग्राम के पास हुए हादसे के कारण शिमला रोड पर लंबा जाम लग गया। हादसा, करीब 10 बजे हुआ, जब सीटीयू की बस ने साइकल चालक को कुचल दिया।
मौके पर ही साइकल चालक की मौत हो गई, साथ ही दो अन्य महिलाएं घायल हो गईं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सेक्टर 16 स्थित सरकारी अस्पताल के शवग्रह में रखवा दिया है। घायल महिलाओं को पीजीआई में दाखिल करवाया गया है। सीटीयू बस चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ जांच शुरू हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मनीमाजरा की तरफ से आ रही सीटीयू बस ने कलाग्राम के पास साइकिल चालक को कुचला। साइकिल चालक की पहचान अक्षय कुमार (25) निवासी बुढनपुर के रूप में हुई है, जोकि सेक्टर 19 के एससीओ 31 में बर्तन की दुकान में सेल्समैन था। इसी दौरान एक रोंग साइट से आ रही स्कूटर सवार महिला और एक अन्य महिला भी हादसे का शिकार होकर घायल हो गईं। दोनों पीजीआई में दाखिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही मनीमाजरा थाना प्रभारी चरणजीत मौके पर पहुंचे और लंबे जाम को हटाने में जुट गए। हादसे के कारण चंडीगढ़ में मध्यमार्ग पर काफी लंबा जाम लग गया।
सुबह आफिस खुलने का टाइम होने के कारण उस समय सड़क पर ट्रैफिक भी अधिक था। यह भी एक वजह थी, जिसके कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई।