पंजाब-हरियाणा में सेना भर्ती चल रही है। सेना में शामिल होने की सोच रहें हैं तो आपको सावधान रहना होगा। सेना में भर्ती कराने के लिए चार युवकों से सवा 17 लाख रुपये का सौदा किया गया।
आरोप है कि उन्हें सैन्य अफसरों की मिलीभगत के जरिये बाकायदा ट्रेनिंग भी दिलाई गई, लेकिन बाद में उन्हें फर्जी नियुक्ति पत्र सौंपे गए। धोखाधड़ी के शिकार युवकों की शिकायत पर थाना कानवां की पुलिस ने मामले में दो व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। हालांकि अभी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
गुरदासपुर के दीनानगर कस्बे के गांव जंडी निवासी कृष्ण चंद ने आईजी बार्डर रेंज अमृतसर से शिकायत की थी कि उन्होंने अपने बेटे को सेना में भर्ती कराने के लिए आवेदन कराया था।
इस बीच उनका संपर्क पठानकोट के गांव नवापिंड निवासी कुलदीप शर्मा और घरोटा निवासी विनय कुमार से हुआ। शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों ने सेना के अफसरों से अच्छी सांठ-गांठ होने का हवाला देकर उन्हें अपने जाल में फंसा लिया।