फिरोजपुर में सरहद से पकड़ी हेरोइन दिखाते बीएसएफ अधिकारी।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पंजाब में भारत-पाक सीमा से 11 किलो 230 ग्राम हेरोइन बरामद की है। यह हेरोइन पाकिस्तानी तस्करों ने प्लास्टिक की कैन में भरकर भेजी थी। जिसे किसी भारतीय तस्कर ने मंगवाई थी। इसकी सूचना बीएसएफ को मिल गई। बीएसएफ ने मंगलवार को स्पेशल सर्च अभियान चलाकर उक्त हेरोइन की खेप बरामद कर ली।
घटना फिरोजपुर बीएसएफ सेक्टर के अंतर्गत बीओपी साम्मेके के पास की है। छह दिन पहले भी यहां से पांच किलो हेरोइन पकड़ी गई थी।बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक उन्हें सूचना मिली थी कि भारतीय तस्करों ने व्हाट्सएप के जरिए पाक तस्करों से हेरोइन की बड़ी खेप मंगवाई है। पाक तस्करों ने बीएसएफ की बीओपी साम्मेके के पाक लगी फेंसिंग पार खेतों में हेरोइन की खेप छिपाकर रखी है।
यह भी पढ़ें- इन एप से रहें सावधान! पुलिस को जारी करनी पड़ी एडवाइजरी, वरना बैंक खाता हो जाएगा खाली
उसे भारतीय तस्कर फेंसिंग के इस ओर लाने की फिराक में हैं। बीएसएफ की बटालियन-136 के अधिकारियों ने फेंसिंग के उस पार खेतों में स्पेशल सर्च अभियान शुरू किया। बीएसएफ अधिकारियों को खेत में प्लास्टिक के तीन कैन मिले, जिसमें हेरोइन भरी थी। हेरोइन का वजन 11 किलो 230 ग्राम आंका गया। बीएसएफ ने जिस किसान के खेत से हेरोइन की खेप बरामद की है, उससे भी पूछताछ की जा रही है।
बीएसएफ के मुताबिक जनवरी से लेकर अब तक पंजाब से सटे भारत-पाक बॉर्डर से तकरीबन 244 किलो 18 ग्राम हेरोइन पकड़ी जा चुकी है। इसके अलावा 18 आधुनिक हथियार, 30 मैगजीन और 314 कारतूस पकड़े गए हैं। मालूम हो कि 24 जून को काउंटर इंटेलीजेंस ने तस्कर कश्मीर सिंह उर्फ शीरा निवासी रूहेला हाजी ममदोट थाना को सीमांत गांव गट्टी राजोके से पकड़ा था। उसकी निशानदेही पर बीओपी साम्मेके के पास फेंसिंग पार खेत से दो प्लास्टिक की बोतल में पांच किलो हेरोइन पकड़ी गई थी जो पाक तस्करों से मंगवाई गई थी।