पंजाब से बड़ी खबर आ रही है। यहां फिरोजपुर में बीएसएफ के जवानों ने तस्करों को खदेड़ते हुए एक अरब की हेरोइन पकड़ी है। घटनास्थल से जवानों को 22 पैकेट हेरोइन और एक पाकिस्तानी सिम कार्ड बरामद हुआ है।
इतनी मात्रा में हेरोइन की कीमत एक अरब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। घटना रविवार देर रात फिरोजपुर सेक्टर की उल्लूके पोस्ट के पास घटी। हेरोइन पकड़ने वाले जवानों को ईनाम और प्रमाणपत्र देने की घोषणा की गई है।
शनिवार रात को गुरदासपुर सेक्टर की बीओपी बोहड़ वडाला के पास से भी एक अरब दस करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की है। इस दौरान हुई मुठभेड़ में एक इंडियन तस्कर मारा गया था, जबकि दो जख्मी हो गए थे। दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया था।
गश्त के दौरान जवानों ने पकड़ी हेरोइन
बीएसएफ फिरोजपुर सेक्टर के डीआईजी आरके थापा ने बताया कि बीएसएफ के जवान फिरोजपुर सेक्टर के अंतर्गत बीओपी उल्लूके के पास लगी फेंसिंग के साथ-साथ गश्त कर रहे थे।
सुबह साढ़े तीन बजे धुंध और घना अंधेरा होने से कुछ नजर नहीं आ रहा था, लेकिन फेंसिंग के पास पाकिस्तान की तरफ से तस्करों की गतिविधि महसूस हो रही थी।
बीएसएफ जवानों ने तस्करों को चेतावनी भी दी लेकिन वे अपने काम में जुटे रहे। इस पर बीएसएफ जवानों ने, जिस जगह पर हलचल हो रही थी, वहां फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग करने के थोड़ी देर बाद घटनास्थल का जायजा लिया गया।
फेंसिंग के पास से एक लंबी प्लास्टिक की पाइप जिसमें हेरोइन के 22 पैकेट थे और एक पाकिस्तानी मोबाइल कंपनी का सिम कार्ड बरामद हुआ। पकड़ी गई हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में एक अरब दस करोड़ रुपये आंकी गई है।