नशे की खेप देखते पुलिस अधिकारी
- फोटो : Amar Ujala
भारत-पाकिस्तान सीमा पर सेक्टर खालड़ा में तैनात बीएसएफ की 138वीं बटालियन ने पाकिस्तानी तस्करों के मंसूबों को नाकामयाब करते हुए 1 अरब पांच करोड़ रुपये के 21 पैकेट हेरोइन व एक गन बरामद की है। हालांकि पाकिस्तानी तस्कर फायरिंग के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर पाकिस्तान की तरफ भाग गए।
बीएसएफ के आईजी अनिल पालीवाल ने बताया कि बुधवार सुबह 3:20 बजे सीमावर्ती चौकी नारली के पिलर नंबर 128-33,34 के पास दो पाकिस्तानी तस्कर भारतीय सीमा की तरफ आते हुए दिखाई दिए। पाक तस्कर भारतीय सीमा में हेरोइन की तस्करी को अंजाम देना चाहते थे।
बीएसएफ जवानों ने पाक तस्करों को ललकारा तो उन्होंने फायरिंग करनी शुरू कर दी। फायरिंग का जवाब देते हुए भारतीय सेना ने भी 22 राउंड फायर किए, लेकिन अंधेरे का लाभ उठाते हुए तस्कर पाकिस्तान की तरफ भाग गए।
बाद में जब सीमा क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया गया तो बीएसएफ को 21 पैकेट हेरोइन व एक शार्ट गन और तीन कारतूस बरामद हुए। बरामद की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय कीमत 1 अरब 5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।