पंजाब में बॉर्डर पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम की गई है। बीएसएफ ने चौकी एसएस वाला में घुसपैठ करते दो पाकिस्तानी घुसपैठियों को दबोचा है। आरोपियों से नौ पैकेट में 2.970 किलो हेरोइन हेरोइन, दो पिस्तौल, कारतूस व अन्य सामान भी बरामद किया गया है। बीएसएफ अधिकारियों ने दोनों आरोपियों को पुलिस के हवाले कर दिया है। आपने कार्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान एसएसपी डा. केतन बलिराम पाटिल ने बताया कि 19 मार्च को बीएसएफ की दो बटालियन के जवान गांव प्रभात सिंह वाला हिठाड़ के निकट स्थित गेट नंबर 230 पर गश्त कर रहे थे।
शाम करीब सात बजे बीएसएफ जवानों ने भारत-पाक के निकट बनी तारों के पास हरकत होते देखी। इस पर जवान सतर्क हो गए। जवानों ने देखा दो लोगों को भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रहे है। जवानों के ललकारने पर दोनों भारतीय सीमा में रुक गए। इस पर बीएसएफ जवानों ने उन्हें काबू कर लिया। बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट आरके डागर व जसविंद्र सिंह ने बताया कि दोनों की तलाशी लेने पर उनसे नौ पैकेट में 2.970 किलो हेरोइन, दो पिस्तौल 30 बोर चाइना मेड, चार मैगजीन, 36 कारतूस, एक छोटा चाकू, दो पाकिस्तानी मोबाइल, तीन पाकिस्तानी सिम, 270 रुपये की पाकिस्तानी करेंसी व 104 पैकेट सिगरेट बरामद हुई।
पकड़े गए लोगों की पहचान पाकिस्तान के जिला कसूर निवासी मुहम्मद असलम और मुहम्मद शकील के रूप में हुई है। एसएसपी पाटिल ने बताया कि दोनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व असलहा एक्ट, इंडियन पासपोर्ट एक्ट के तहत पर्चा दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश रिमांड की मांग की जाएगी। इस मौके डीएसपी नरेंद्र सिंह, जलालाबाद के डीएसपी अमरजीत सिंह, एसएचओ सदर लेखराज, एसएचओ नगर भोला सिंह उपस्थित थे।