बीएसएफ ने सरहद से पकड़ी 35 करोड़ की हेरोइन
- फोटो : अमर उजाला
बीएसएफ ने सरहद पर घनी धुंध की आड़ में पाकिस्तान की ओर से फेंसिंग के ऊपर से भारतीय सीमा में हेरोइन के पैकेट फेंक रहे तस्करों पर फायरिंग की। तस्कर हेरोइन के पैकेट वहीं छोड़ कर भागने में कामयाब हो गए। बीएसएफ ने घटनास्थल पर सर्च अभियान के दौरान 35 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की है। यह घटना शनिवार सुबह अमृतसर सेक्टर की बीओपी भेरोपाल में घटी।
बीएसएफ प्रवक्ता डीएस राणा ने बताया कि शनिवार सुबह बीएसएफ की बीओपी भेरोपाल के पास ओपी ने घनी धुंध में फेंसिंग के पास पाकिस्तानी तस्करों की हरकत महसूस की। इस पर बीएसएफ जवानों ने पाक तस्करों को चेतावनी दी। तस्कर हेरोइन के पैकेट फेंसिंग के ऊपर से भारतीय सीमा में फेंकते रहे। इसीलिए बीएसएफ ने पाक तस्करों पर फायरिंग की, धुंध बहुत थी। धुंध की आड़ में तस्कर पाकिस्तान की ओर भागने में कामयाब रहे।
घटनास्थल पर सर्च अभियान करने पर बीएसएफ की बटालियन 138 के जवानों को हेरोइन के सात पैकेट बरामद हुए। उक्त हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 35 करोड़ रुपये है। राणा ने कहा कि एक साल में करीब 230.536 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई है।