मोगा से करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थित डाला में गुरुवार की रात चोर गिरोह ने सरकारी स्कूल में चोरी की वारदात को अंजाम देने के दौरान अधेड़ चौकीदार की निर्मम हत्या कर दी। शुक्रवार की सुबह लोगों ने स्कूल में चौकीदार का शव देखा तो पुलिस को सूचना दी गई। थाना मेहना पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बचित्तर सिंह (75) निवासी डाला गांव के सरकारी स्कूल में पिछले कुछ समय से चौकीदार की नौकरी कर रहा था। गुरुवार की रात को वह स्कूल के गेट पर ड्यूटी कर रहा था। इस दौरान चोरों का गिरोह चोरी करने के लिए पहुंच गया। चौकीदार के साथ चोरों की हाथापाई हुई। चोरों ने तेजधार हथियार से बचित्तर सिंह के सिर पर प्रहार कर उसकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही शुक्रवार की सुबह थाना मेहना की पुलिस टीम व सीआईए स्टाफ प्रभारी किक्कर सिंह समेत डीएसपी निहाल सिंह वाला मंजीत सिंह मौके पर पहुंचे। मामले की जांच को मौके पर फॉरेंसिक व डॉग स्क्वायड टीम को भी बुलाया गया। थाना प्रभारी कश्मीर सिंह का कहना है कि फिलहाल हत्यारों का कोई सुराग नही मिल पा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं अभी तक स्कूल में कोई सामान चोरी होने संबंधी पता नहीं चला है।