रेवाड़ी रोड़ पर सीगड़ी गांव के पास सोमवार को दो बाइक की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई और 4 लोग घायल हो गए। घायलों को रोहतक पीजीआई में रेफर किया गया है।
सीगड़ी गांव के पेट्रोल पंप के पास सोमवार को दो बाइक में भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के दौरान दो की मौके पर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने सभी घायलों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों उपचार के बाद चार लोगों को रोहतक पीजीआई में रेफर कर दिया। मृतकों की पहचान बूचावास निवासी अजय और खरकड़ा निवासी विशाल के रूप में हुई।
वहीं रोहतक रेफर किए गए घायलों में सीगड़ा गांव निवासी विकास, सीगड़ी निवासी राहुल, बूचावास निवासी सुनील और रणधीर शामिल हैं। पुलिस फिलहाल मामले की तफ्तीश में जुटी है। पुलिस के पास किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं आई थी।
इस कारण अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि किस बाइक पर कौन सवार था और वे कहां जा रहे थे। एसएचओ रंजीत सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है, किसी भी पक्ष की शिकायत नहीं मिली है।