जीरकपुर-पटियाला मुख्य मार्ग पर सोमवार को सुबह लगभग साढ़े आठ बजे मोहाली को जाने वाली एरोसिटी सड़क पर एक कार-बाइक की टक्कर में बाइक सवार इंजीनियर भाई-बहन की मौत हो गई है। वहीं हादसे में घायल कार चालक को लोगों ने चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल में दाखिल कराया।
लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी कार चालक फरार हो गया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
वहीं दोपहर बाद पुलिस ने मृतकों का पोस्टमार्टम कर लाश वारिसों के हवाले कर दी है। पुलिस ने मृतक भाई-बहन के पिता की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है। उधर, रोहतक में पोता और पोती की मौत की खबर सुनकर दादी की भी सदमे से मौत हो गई है।
जांच अधिकारी केवल सिंह ने बताया कि रविंदर सिंह (29) पुत्र मोती राम निवासी मकान नंबर-138, दशमेश नगर, जीरकपुर निवासी अपनी बहन भारती (32) के साथ बाइक पर जा रहा था।
जब वह जीरकपुर-पटियाला सड़क से गांव दयालपुरा के पास मोहाली को जाने वाले 200 फुट वाली एरोसिटी रोड पर पहुंचे तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार आई-20 कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार रविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि गंभीर हालत में लड़की को राहगीरों ने मोहाली के अस्पताल में पहुंचाया। जहां पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।