लग्जरी लाइफ जीने का सपना कितना अंधा होता है, ये आपको आज पता चल जाएगा। पैसे का लालच इतना खतरनाक हो गया कि युवक ने अपने ही भाई से ऐसा काम कर डाला, जिसे करने में सबके हाथ पांव कांप जाये। क्राइम पर बने सीरियल्स की तरह अमृतसर में एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे परिवार के रिश्ते में दरकते रिश्ते की कहानी को सामने ला दिया है। पैसे का लालच इतना ज्यादा हो गया कि युवक को अपना भाई भी नज़र न आया और उसने उसके ही अपहरण का पूरा प्लान बना डाला।
फिरौती के लिए अमृतसर के थाना भिंडीसैदा के गांव पाछिया के डेयरी व्यवसायी हरजिंदर सिंह उर्फ गोल्डी का उसके ही मौसेरे भाई ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अपहरण कर लिया। साथ ही परिजनों ने चार लाख रुपये फिरौती की मांग कर डाली। हालांकि किसी प्रकार इसकी भनक लगाने पर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने हरजिंदर का गला रेत कर हत्या कर डाली और उसका शव जंगल में फेंक दिया।
चार लाख रुपये तय की थी फिरौती की राशि
अपहरण कर मांगी फिरौती, पहचाने जाने पर रेता गला
- फोटो : Demo Pic
पुलिस ने आरोपी लवजीत सिंह और उसके दोस्त बिक्कर सिंह को गिरफ्तार कर शव भी बरामद कर लिया है। मुख्य आरोपी लवजीत सिंह ने बताया कि मौसा की दौलत को देखते हुए उन्होंने हरजिंदर का अपहरण किया था, लेकिन मृतक हरजिंदर गोल्डी ने दोनों को पहचान लिया था। पकड़े जाने के डर से ही उन्होंने गोल्डी की हत्या कर दी।
जांच अधिकारी हरजीत सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों ने शनिवार दोपहर गोल्डी को फोन कर पानी की टंकी के पास बुलाया था। जैसे ही गोल्डी वहां पहुंचा, दोनों ने उसके साथ मारपीट की और उसका अपहरण कर लिया।
दोनों के पास तेजधार हथियार थे और दोनों ने चेहरा छिपा रखा था। आरोपी गोल्डी को हथियार से आतंकित कर बाइक पर बैठाकर उसे जंगल के तरफ ले गए। जंगल में पहुंच कर दोनों ने गोल्डी के फोन से उसके पिता को फोन कर चार लाख की फिरौती अमृतसर रेलवे स्टेशन पर पहुंचाने की डिमांड की।
उधर, गोल्डी के घरवालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस फोन ट्रेस कर गोल्डी के फोन की काल डिटेल की मदद से तत्काल लवजीत तक जा पहुंची। लवजीत को गिरफ्तार कर पूछताछ करने पर सारा भेद खुल गया। लवजीत से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने हत्या में प्रयोग तेजधार हथियार भी बरामद कर लिया है।