कुछ ही दिन में सगाई होने वाली थी, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। युवक तीन ट्रालियों के बीच ऐसा फंसा कि उसकी जान चली गई। घटना हरियाणा के करनाल की है। ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी तीन ट्रॉलियों ने बाइक सवार युवक की जान ले ली। मृतक युवक राजकुमार बाइक पर एटीएम से रुपए निकलवाने जा रहा था, इसी दौरान एक ट्रैक्टर के पीछे जुड़ी तीन ट्रॉलियों की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार वालों के अनुसार युवक की 20 अप्रैल को सगाई होनी थी। मृतक के भाई राकेश ने बताया कि उसका भाई राजकुमार केएफसी में काम करता है। उसे शाम की शिफ्ट में काम पर जाना था। वह किसी की बाइक मांगकर एटीएम से रुपए निकलवाने के लिए गया था। कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली की, उसके भाई का एक्सीडेंट हो गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक राजकुमार की बाईक तीन ट्रालियों के बीच फंस गई थी।
आस-पास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। वहीं ड्राइवर ट्रैक्टर-ट्रॉली को छोड़कर फरार हो गया है। थाना प्रभारी ललित कुमार ने युवक के भाई के बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में युवक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि जल्द ही ट्रैक्टर ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।