चंडीगढ़ में ट्रिब्यून चौक की स्लिप रोड पर उस वक्त हंगामा हो गया, जब एक युवती ने सरेआम एक युवक पर रॉड से हमला कर दिया। किसी को कुछ समझ नहीं आया। लोग युवक को बचाने के बजाय वीडियो बनाने में लगे रहे। करीब 10 मिनट तक हंगामा होता रहा। युवती ने रॉड से एक के बाद एक कई वार किए। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मोहाली निवासी युवती को गिरफ्तार कर कार भी जब्त कर ली है। फेज-10 निवासी युवती शीतल शर्मा (25) को गिरफ्तार कर लिया है।
साथ ही पुलिस ने आरोपी महिला की कार भी जब्त कर ली है। घटना मंगलवार शाम करीब 5.30 बजे की है। सेक्टर 29 निवासी नीतीश कुमार उर्फ शैंटी सैंट्रो कार में अपने परिजनों के साथ पीजीआई से बलटाना जा रहा था। जब उनकी कार ट्रिब्यून चौक के पास पहुंची तो एक कार रॉंग साइड से रिवर्स हो रही थी। इस कारण सड़क पर जाम लगा हुआ था। नीतीश अपनी कार से उतरकर उस कार के पास गया तो देखा उसमें एक व्यक्ति और दो लेडीज थीं।
नीतीश ने कार साइड में करने के लिए कहा तो कार में बैठी युवती भड़क गई और बोली- तू होता कौन है, हमें यहां से कार हटाने को कहने वाला। इस पर नीतीश ने विरोध किया तो गुस्साई युवती ने कार से रॉड निकाली और दे दनादन नीतीश पर बरसानी शुरू कर दी। नीतीश के सिर में गंभीर चोट आई है। हैरत की बात तो यह हे कि लोग उसे बचाने के बजाय वीडियो बनाने में जुटे रहे। करीब एक घंटे तक हुए हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवती को गिरफ्तार कर उसकी कार भी जब्त कर ली। युवती शीतल निवासी मोहाली फेज दस की रहने वाली है।