सूत्रों के मुताबिक धुंध के दिनों में सरहद पर पाक और भारतीय तस्कर सक्रिय हो जाते हैं। इन्हीं दिनों में हेरोइन और हथियार की तस्करी होती है। कई तस्कर सतलुज दरिया के रास्ते हेरोइन व हथियारों की तस्करी करते हैं, क्योंकि ठंड और धुंध दरिया में बीएसएफ की गश्त कम होने के कारण तस्कर इसका पूरा फायदा उठाते हैं। कुछ दिनों पहले बीओपी साम्मेके के पास से दरिया के रास्ते पाक से 16 किलो हेरोइन व हथियार लेकर आ रहे तस्कर को बीएसएफ ने पकड़ा था। यह तस्कर पाक जेल में भी कुछ माह बंद था।
गुरदासपुर में सरहद से 23 किलो हेरोइन पकड़ी
भारत-पाकिस्तान सरहद स्थित बीओपी चौंतरा में बीएसएफ की 58 बटालियन ने 22 पैकेट में करीब 23 किलो हेरोइन, 90 कारतूस, चाइनीज पिस्तौल की दो मैगजीन, 2 स्मार्टफोन, 1 वाई-फाई कनेक्टर, 4 जोड़े जूते, 11 फुट का प्लास्टिक पाइप बरामद किया है। धुंध का फायदा उठाकर पाकिस्तानी तस्कर फरार हो गए। थाना दोरांगला पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
डीआईजी बार्डर रेंज राजेश शर्मा ने बताया कि धुंध ज्यादा होने के कारण सरहद पर जवान कड़ी निगरानी रखते हैं। शुक्रवार को तड़के करीब 3.50 मिनट पर जवानों को सरहद के पास कोई संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जवानों ने इस दौरान चेतावनी भी दी। जब मौके पर जाकर देखा गया तो सरहद पार से एक पाइप डाला गया था। पाकिस्तानी तस्कर धुंध का फायदा उठा कर भाग गए। करीब 11 फुट लंबे प्लास्टिक के पाइप को खींच कर उसकी जांच की गई। पाइप से 22 पैकेट हेरोइन, 90 कारतूस, चाइनीज पिस्तौल की दो मैगजीन, 2 स्मार्टफोन, 1 वाई-फाई कनेक्टर, 4 जोड़े जूते बरामद हुए। हेरोइन का वजन करीब 23 किलो आंका गया है।
डीआईजी शर्मा ने बताया कि पैकेट मिलने के बाद बीएसएफ के जवानों ने सर्च ऑपेशन भी चलाया। डीआईजी ने बताया कि बीएसएफ पूरी तरह मुस्तैद है। तस्कर धुंध का फायदा उठाने की कोशिश करते है। वही एसएसपी स्वर्णदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने इस संबंधी पूरी जानकारी हासिल की। एसएसपी ने बताया थाना दोरांगला में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
अमृतसर में सीमा से 12 किलो हेरोइन बरामद
बीएसएफ ने अटारी सेक्टर से सटी भारतीय निगरानी चौकी (बीओपी) राजाताल से साढ़े 12 किलोग्राम हेरोइन, चीन की बनी एक पिस्तौल, एक मैगजीन व 9 कारतूस बरामद किए हैं। बीएसएफ जवानों के ललकारने पर घनी धुंध का फायदा उठाकर पाकिस्तानी तस्कर फरार हो गए। बीएसएफ के डीआईजी भूपिंदर सिंह ने खासा स्थित मुख्यालय में मीडिया बताया गुरुवार रात को बीओपी राजाताल में कोहरे की चादर बिछनी शुरू हुई थी।
इस दौरान वहां जवानों को कंटीली तार के उस पार कुछ हलचल की आवाज सुनाई दी। बीएसएफ के जवानों ने जैसे ही अपनी राइफलें हलचल की जगह की तरफ तानी तो पाकिस्तानी तस्कर हेरोइन की खेप फेंककर भाग गए। तलाशी के दौरान खेप बरामद की गई। अभियान के दौरान बल के जवानों ने दो तस्करों के फुटप्रिंट देखे है, जो पाकिस्तान की तरफ जाते है। जब डीआईजी जे यह पूछा गया की बीएसएफ ने सीमावर्ती जिलों में पाकिस्तानी ड्रोन उड़ते देखे है तो उन्होंने इस पर कुछ भी जानकारी देने से इंकार कर दिया। उन्होंने कहा की बीएसएफ सीमा पार से आने वाली किसी भी चुनौती का मुकाबला करने में सक्षम है।