मीडिया के नाम पत्र जारी कर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में 21 अगस्त को बम धमाके की धमकी के बाद चंडीगढ़ प्रशासन चौकन्ना हो गया है।
हाईकोर्ट सुरक्षा कमेटी के चेयरमैन जस्टिस टीपीएस मान ने कमेटी सदस्यों के साथ बुधवार को बातचीत कर यूटी प्रशासन को विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं। हालांकि, कमेटी के मुताबिक स्थिति सामान्य है। चिंता की कोई बात नहीं है। इससे पहले चंडीगढ़ पुलिस ने अपने स्तर पर सुरक्षा और कड़ी करने का फैसला लिया है।
एसएसपी (सुरक्षा) का कहना है कि बुधवार सुबह ही आईजी से मीटिंग हुई है। इसमें फैसला लिया गया कि हाईकोर्ट की सुरक्षा में कमांडो तैनात किए जाएं। सुरक्षा चक्र दोहरा किया जाए और साथ ही सादे कपड़ों में पुलिस की तैनाती की जाए। हाईकोर्ट के इर्द-गिर्द क्यूआरटी लगा दी गई है।
खुफिया एजेंसियों व आईटीबीपी को भी एलर्ट कर दिया गया है। यह फैसला भी लिया गया है कि हाईकोर्ट गेट्स पर बिना चेकिंग किसी को भी भीतर नहीं जाने दिया जाए।