डेरा सच्चा सौदा के अनुयायियों और सिख जत्थेबंदियों के बीच रविवार को हुए खूनी संघर्ष के बाद थाना मक्खू पुलिस ने सिख जत्थेबंदियों के पांच नेताओं को नामजद कर 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है।
घ्ाटना पंजाब के फिरोजपुर में मक्खू के गांव जोगेवाला की है। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे तक डेरा प्रेमियों का धरना चलता रहा। डेरा सच्चा सौदा की 45 सदस्यीय कमेटी ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जीरा के डीएसपी हरदेव सिंह बोपाराय को निलंबित करने की मांग की। बताया जा रहा है कि इस मामले में डीएसपी का तबादला किया जा सकता है।
डेरा प्रेमियों का आरोप है कि थाना जीरा के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने जानबूझ कर गांव जोगेवाला के गुरुद्वारे के पास नाकाबंदी की थी। जब यहां पर डेरा प्रेमी नामचर्चा करने लगे, तब भी पुलिस ने उन्हें नहीं रोका। यह घटना पुलिस की लापरवाही के कारण हुई है।
डेरा सच्चा सौदा की 45 सदस्यीय कमेटी के सदस्य महिंदर पाल बिट्टू, बलकार सिंह, बलराज सिंह, जगजीत सिंह, गुरजीत सिंह, गुरबच्चन सिंह, रवि, पाठक, सुखदीप सिंह के अलावा अन्य मेंबरों ने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत की और जीरा के डीएसपी हरदेव सिंह बोपाराय को निलंबित करने की मांग की।
डेरा प्रेमियों का कहना है कि इस घटना के बाद डीएसपी का तबादला किया जा सकता है। कमेटी की अगुवाई में रविवार रात को नेशनल हाईवे पर धरना दिया गया। थाना मक्खू पुलिस ने एक नूर खालसा के नेता दिलबाग सिंह, बिट्टू, गुरलाल सिंह हेड ग्रंथी गुरुद्वारा जोगेवाला, लखबीर सिंह वासी महालम व अमरीक सिंह समेत 150 लोगों पर मामला दर्ज किया है।