रेवाड़ी पुलिस ने कटे सिर और धड़ के ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री को सुलझा लिया है। दो मार्च को एनएच-71 के किनारे फिदेड़ी गांव के एक खेत में जिस व्यक्ति की धड़ मिली थी, उसकी पत्नी ने ही गांव में ही रहने वाले अपने प्रेमी से उसकी हत्या करवाई थी।
सदर एसएचओ राम कुमार ने अशोक कुमार की हत्या की साजिश रचने वाले दोनों आरोपियों, मृतक की पत्नी रेखा और उसके प्रेमी रामनिवास को सोमवार शाम गिरफ्तार कर लिया। दोनों पाल्हावास के ही रहने वाले हैं।
डीएसपी हेडक्वार्टर गजेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपियों को रिमांड पर लेकर हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने की कोशिश में जुटी है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि अशोक कुमार शराब पीकर पत्नी रेखा से मारपीट करता था। मारपीट के चलते ही रेखा की अशोक के दोस्त रामनिवास से नजदीकी बढ़ी थी।
पहचान छिपाने के लिए नहर में फेंका था सिर
- फोटो : Demo Pic
गौरतलब है कि 2 मार्च की रात को धड़ मिलने के बाद पुलिस को 9 मार्च को जेएलएन नहर में सिर भी मिला था। उसकी पहचान बाद में अशोक कुमार के रूप में हुई थी। डीएसपी ने बताया कि दो मार्च को रामनिवास अपने जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर अशोक को बाइक पर अपने साथ ले गया। उसे धारूहेड़ा तक घुमाया और इसके बाद हाईवे किनारे फिदेड़ी गांव के खेत में देसी शराब पिलाई।
बेसुध होने के बाद उसने अशोक की गला रेतकर हत्या कर दी। रामनिवास ने पुलिस को बताया कि रेखा नेउसे अशोक की हत्या करने के लिए उकसाया था। हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के लिए अशोक का सिर धड़ से अलग किया और जेएलएन नहर में फेंक दिया। इसके बाद उसने रेखा को फोन कर बताया कि रास्ते से रोड़े को हटा दिया है।
आरोपी के चार और महिला के हैं तीन बच्चे
रेखा के तीन कमउम्र बच्चे हैं, इनमें दो लड़कियां और एक लड़का है। जबकि राम निवास की चार लड़कियां हैं। सबसे छोटी बेटी महज तीन माह की ही है।