दो किशोर युवकों ने क्रिकेट के बहाने एक छात्र से दोस्ती बनाई। फिर घर से चोरी कर पैसे लाने को कहा। जब छात्र ने पैसे लाने से मना कर दिया,तो उन्होंने बच्चे को ब्लैकमेल करने का नया तरीका ढूंढ निकला। घटना हरियाणा के रेवाड़ी की है।
यहां, एक नौवीं के छात्र ने जब किशोरों को रुपये देने से मना किया तो उसके साथ मारपीट कर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे। इसके बाद मां से आरोपियों ने करीब 15 लाख रुपये वसूल लिए। जब पैसे की मांग बढ़ने लगी तो महिला ने इसकी जानकारी पति को दी। इसके बाद पति ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
शहर के रेडीमेड कपड़ा व्यवसायी परिवार के साथ एक मोहल्ले में रहते हैं। उसका नौंवी में पढ़ने वाले बेटे को पड़ोस में रहने वाले तीन किशोरों ने क्रिकेट खेलने के दौरान अपना दोस्त बना लिया। इसके बाद उन्होंने उससे पैसा मंगाना प्रारंभ कर दिया। उसको घर से पैसे निकालने की तरकीब भी बताई। शुरुआत में छात्र ने पैसे लाकर दिए लेकिन जब अधिक मांग बढ़ने लगी तो उसने पैसे देने से मना कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने छात्र से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान वे छात्र को किसी मसाज पार्लर लेकर गए। इसके बाद अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगे। तभी छात्र मार्च 2018 में शहर से बाहर पढ़ने चला गया। इसके बाद आरोपी किशोरों ने मां से उसके बारे में पूछताछ की। किशोरों ने कहा कि उनको पैसे लेने है। छात्र से बात करने के बाद मां ने आरोपियों को पैसे दे दिए। इसके बाद आरोपी फिर आए और उसकी मां से कहा कि उनके पास उसके बच्चे की एक अश्लील वीडियो है। यदि पैसे नहीं दिए तो यह वीडियो इंटरनेट पर डाल देंगे और तुम्हारे बच्चे को भी उठा लेंगे।