मोहाली भाजपा के उपप्रधान नवीन सांगवान
- फोटो : अमर उजाला
गत बुधवार को देर रात पुलिस ने जिला मोहाली भाजपा के उपप्रधान नवीन सांगवान के खिलाफ पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को पुलिस थाने में एसएचओ के सामने जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। इसके बाद भाजपा नेता नवीन सांगवान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लॉकअप में बंद कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक भाजपा नेता नवीन सांगवान पर आरोप है कि उनकी पड़ोसी के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसके बाद यह मामला पुलिस थाने में सीनियर अफसरों के पास पहुंचा। इस मामले के जांच अधिकारी एएसआई रमेश्वर दास ने बताया कि पभात के गोडाउन एरिया निवासी धनंजय गुप्ता अपने घर का निर्माण कार्य करवा रहा है। इसके लिए शटरिंग आदि सामान की आवाजाही बनी रहती है। बुधवार को मिट्टी की एक रेहड़ी गली में रखवा दी तो जिला भाजपा उपप्रधान नवीन सांगवान ने धनंजय के साथ बहस करते हुए गाली गलौज शुरू कर दी।
वहीं दूसरी ओर, धनंजय ने भाजपा नेता नवीन की हरकत को पहले तो नजरअंदाज कर दिया। लेकिन जब सांगवान अपनी हरकतों से बाज नहीं आए तो पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत पुलिस को दी।
‘एसएचओ साहब! जेह तुसीं मैनूं छोड़ देयो तां मैं गोली मार के इसदा कत्ल कर देयांगा’
जांच अधिकारी एएसआई रमेश्वर दास ने बताया कि धनंजय की शिकायत पर पुलिस ने सांगवान को थाने बुलवाकर दोनों को आमने-सामने बैठाकर समझौता करवाने की कोशिश की। लेकिन सांगवान ने पुलिस की बात नहीं मानी और एसएचओ गुरवंत सिंह के कमरे के अंदर धनंजय को जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दी और कहा कि ‘एसएचओ साहब! जेह तुसीं मैनूं छोड़ देयो तां मैं गोली मार के इसदा कत्ल कर देयांगा।’ वहीं सांगवान की इस हरकत को देखकर पुलिस ने उनके खिलाफ केस दर्जकर गिरफ्तार कर लॉकअप में डाल दिया।
मैंने भाजपा नेता नवीन सांगवान को कई बार समझाने की कोशिश की लेकिन उन्होंने मेरे ऑफिस में टेबल पर जोर-जोर से हाथ मारकर धनंजय को गोली से मारने की धमकियां देनी शुरू कर दी। इसलिए उसके खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की गई है। -गुरवंत सिंह, एसएचओ, पुलिस थाना जीरकपुर।