भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य रणजीत सिंह राणा की एक दर्दनाक सड़क हादसे में मृत्यु हो गई, जबकि दो नौजवान गंभीर रूप से जख्मी हो गए। रणजीत अकाली नेता एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य मुकेश राणा का चचेरे भाई थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भाजपा नेता रणजीत सिंह राणा (38) बीती शाम करीब 8 बजे मोटरसाइकिल पर गांव लालडू से लालडू मंडी की ओर सर्विस रोड पर आ रहे थे, तभी सामने से एक अन्य मोटरसाइकिल पर लालडू निवासी मंगेश गोयल पुत्र तिलकराज एवं जगदीप पुत्र रणधीर सिंह ट्यूशन पढ़कर आ रहे थे।
स्थानीय पुराने बस अड्डे के पास दोनों मोटरसाइकिल आपस में टकरा गई। जिससे तीनों व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गए। गंभीर हालत में रणजीत सिंह राणा को सरकारी अस्पताल डेराबस्सी लाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत करार दे दिया, जबकि मंगेश तथा जगदीप को चंडीगढ़ सेक्टर-32 में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्यवाही की है।
मृतक रणजीत सिंह राणा का गांव लालडू के श्मशानघाट में शुक्रवार दोपहर अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस मौके पर अकाली, भाजपा तथा कांग्रेसी नेताओंसमेत अलग-अलग सामाजिक संगठनों के नुमाइंदे एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।
रणजीत सिंह राणा के आकस्मिक निधन पर हलका विधायक एवं सीपीएस एनके शर्मा, एनके शर्मा के राजनीतिक सलाहकार कृष्णपाल शर्मा, भाजपा के वरिष्ठ नेता आशु खन्ना, देवराज लालडू, हरविंदर सैनी, रमेश मरवाहा, बोबी कंबोज, मुकेश गांधी, शामलाल, सुशील राणा, गुरमीत टिवाणा, सोमचंद गोयल आदि ने गहरा दुख प्रकट किया है तथा पीड़ित परिवार के साथ गहरी संवेदना प्रकट की है।