पुलिस सूत्रों की मानें तो करतार चंद ससुर का कत्ल कर घर से बाहर गया और पास में बहती कूहल में तलवार फेंक दी। उसके बाद ससुर के कत्ल केस में साली को फंसाने के लिए दोबारा घर लौटा और खून से सने कपड़े बदलकर खुद पुलिस और एंबुलेंस को फोन कर दिया। पुलिस के आने के बाद उसने अपनी छोटी साली बेबी पर पिता को मारने का आरोप लगाना शुरू कर दिया।
पुलिस को पूरी रात गुमराह करने के बाद सुबह उसने अपना जुर्म कुबूल किया। पुलिस ने आरोपी के खून से सने कपड़े तो बरामद कर लिए हैं लेकिन जिस तलवार से उसने बचन लाल का कत्ल किया वह नहीं मिल पाई। पुलिस शुक्रवार पूरा दिन कूहल से तलवार को रिकवर करने की कोशिश करती रही।