इसके बाद तीसरे आरोपी सूरज कुमार पुत्र चंदरजीत निवासी गली नंबर-1 फ्रेंडस कालोनी फगवाड़ा को भी रंजिश में शामिल कर 29 मई को दिन में करीब तीन सवा तीन बजे मिन्हास दंपती के घर आने को कहा। खुद जस्सी व रणजीत अपने ऊपर वाले कमरे में छिप गए। 29 मई को सूरज आया और तीनों नीचे उतरकर घर में दाखिल हो गए। जहां कृपाल सिंह अकेले थे, उन्हें दबोचकर सूरज ने मुंह पर कपड़ा बांध दिया। इसके बाद जस्सी व रणजीत ने चाकुओं से वार कर बेड पर ही उनका कत्ल कर दिया।
कृपाल सिंह पर चाकू से किए 12 वार
एसएसपी सिंह ने बताया कि उनके शरीर पर करीब 12 वार किए गए। इतने में दविंदर सिंह सैर कर वापस आई तो तीनों ने मिलकर कपड़े से गला घोंटकर उनको भी मार डाला। कत्ल के बाद तीनों ने वहां से 12 हजार रुपये और दो मोबाइल उठाए और अपने कमरे में बैठकर रात होने का इंतजार करने लगे। 30 मई को सुबह करीब तीन बजे तीनों बाहर निकले और घर के पास ही खून से सने कपड़े जलाकर चाकू फेंककर जमालपुर चले गए। जमालपुर से सूरज वापस आ गया तथा दोनों फरार हो गए। पुलिस को मामले की सूचना 30 मई को देर शाम मिली।
पुलिस ने सुराग के आधार पर पहले सूरज को गिरफ्तार कर जलाए कपड़े और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर दूसरे आरोपियों को पकड़ने के लिए रवाना हुई। इसके बाद रणजीत सिंह और मुख्य आरोपी जगदेव सिंह उर्फ जस्सी की भी हरियाणा में गिरफ्तारी हो गई। लेकिन अभी उसे लाया जा रहा है।
मुख्य आरोपी जस्सी इतना शातिर था कि अपने कमरे में पहचान संबंधी सारे सबूत जला दिए। इतना ही नही किराएनामा ढूंढने के लिए आरोपी ने दंपती के कमरे में काफी छानबीन की। सूरज जिस कोठी में देखभाल के लिए रहता था वहां से जस्सी करीब 6 महीने पहले चाकू चोरी कर लाया था। इसी से कृपाल सिंह मिन्हास की हत्या की गई।
कत्ल के बाद मुख्य आरोपी ने दंपती का एटीएम कार्ड वाला बैग भी उठा लिया था, जिसको पुलिस ने बरामद कर लिया है। हत्या के बाद सूरज ने देखा तो चाकू उसकी कोठी का निकला। पूछताछ में सूरज ने बताया कि जस्सी ने उसे सिर्फ कृपाल सिंह का मुंह दबोचने को कहा था। उसे नहीं मालूम था कि वह उसकी हत्या कर देगा।
जस्सी ने आश्वासन दिया था कि रुपये लूटकर उसका दो से ढाई लाख का कर्ज उतार देगा। इसीलिए वह वारदात में शामिल हुआ। सूत्रों के मुताबिक 6 महीने के किराए को लेकर तकरार सामने आ रही है लेकिन यह गले नहीं उतरती। क्योंकि जस्सी ने 6 महीने पहले ही मर्डर की प्लानिंग चाकू चुराकर कर ली थी। लूटपाट का एंगल भी साफ नहीं है। क्योंकि मृतक दंपती के शरीर पर सोने के गहने और घर में कीमती समान मौजूद है। एसएसपी सिंह ने बताया कि मामले का खुलासा मुख्य आरोपी की पूछताछ की बाद ही होगा।