आल इंडिया किसान कांग्रेस के अध्यक्ष एवं भुलत्थ से विधायक सुखपाल सिंह खैरा की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। एसडीएम की शिकायत पर पहले से दर्ज एफआईआर में भुलत्थ पुलिस ने गैर-जमानती धारा जोड़ दी है। अब सुखपाल सिंह खैरा की किसी भी समय गिरफ्तारी हो सकती है। एसएसपी कपूरथला ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की है। सुखपाल खैरा ने इसे आवाज दबाने और पुलिसिया खौफ दिखाकर डराने की कोशिश करार दिया है।
भुलत्थ के एसडीएम संजीव शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि बीते दिनों सुखपाल खैरा ने उनके काम में विघ्न डाला, धमकी दी और मानसिक तौर पर परेशान कियाष सुखपाल सिंह खैरा ने अपने समर्थकों के साथ दो बार उनके दफ्तर आकर न केवल फेसबुक पर लाइव किया बल्कि गाली-गलौज किया और धमकी भी दी। वहीं एसडीएम कांप्लेक्स में धरना भी दिया।
एसडीएम ने इस पूरे मामले के बारे में मुख्य सचिव को ई-मेल के माध्यम से अवगत करवाया। अब एसडीएम की शिकायत पर थाना भुलत्थ में दर्ज एफआईआर में गैर-जमानती धारा जोड़ दी गई है। कपूरथला के एसएसपी राजपाल सिंह संधू ने एफआईआर दर्ज होने की पुष्टि की और बस इतना ही कहा कि मामले की जांच चल रही है। जांच से पहले कुछ भी कहना जल्दबाजी होगा।
खैरा ने दी यह प्रतिक्रिया
विधायक सुखपाल सिंह खैरा ने कहा कि भुलत्थ पुलिस ने उन्हें (खैरा) गिरफ्तार करने के लिए गैर-जमानती धारा जोड़ी है। यह सब एसडीएम की शिकायत पर 27 अप्रैल को पहले से भुलत्थ थाने में दर्ज एफआईआर में धारा 353 जोड़ उन्हें दबाने और डराने की मंशा से किया गया है। ऐसा मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर किया गया है ताकि वह अपने दागी मंत्री लाल चंद कटारूचक्क को बेनकाब करने पर मुझसे व्यक्तिगत बदला ले सके। वह भगवंत मान की पंजाब और सिख विरोधी नीतियों के खिलाफ अपना अभियान जारी रखने के लिए दृढ़ हैं।