पंजाब के कपूरथला जिले के भुलत्थ थाने के अतिरिक्त एसएचओ (एएसएचओ) सुरजीत सिंह पत्तड़ की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के समय उनकी कार में एक अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद था। उन्हें मामूली चोट आई है। इसकी पुष्टि भुलत्थ के डीएसपी भारत भूषण सैनी ने की है।
जानकारी के अनुसार थाना भुलत्थ में तैनात एएसएचओ सुरजीत सिंह पत्तड़ अपने साथी पुलिसकर्मी के साथ मंगलवार देर रात ड्यूटी के बाद अपनी कार से घर की तरफ आ रहे थे। जब उनकी कार गांव रामगढ़ के नजदीक पहुंची तो अचानक कार बेकाबू होकर एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में एएसएचओ सुरजीत सिंह पत्तड़ की मौत हो गई। जबकि कार में साथ बैठे पुलिसकर्मी को मामूली चोट आई है। डीएसपी भारत भूषण सैनी ने बताया कि हादसे के बाद मौके पर पहुंच पुलिस टीम ने जांच की और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है।
पिकअप की टक्कर से एक्टिवा चालक की मौत
उधर, होशियारपुर के तलवाड़ा में हाजीपुर सड़क पर पिकअप गाड़ी की एक एक्टिवा से टक्कर हो गई। हादसे में एक्टिवा चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामला दर्ज करके जांच में जुट गई है।
थाना प्रभारी हर गुरदेव सिंह व सहायक थाना प्रभारी सरदार हरजीत सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर बाद एक्टिवा चालक तरुण चौधरी (20) निवासी तलवाड़ा, गांव चक्क पंडायण से अपने एक अन्य साथी के साथ आ रहा था। तलवाड़ा-हाजीपुर रोड पर चढ़ते ही तलवाड़ा से हाजीपुर को जा रही पिकअप ने टक्कर मार दी। एक्टिवा चालक की मौके पर मौत हो गई। वहीं साथी विकास चौधरी बाल-बाल बच गया।