वर्ल्ड कप के सीजन में मुर्गों पर सट्टे की बात सुनकर आपको हैरानी हो सकती है, लेकिन पुलिस ने वन्य जीवों पर अत्याचार की श्रेणी में आने वाली मुर्गों की लड़ाई पर दांव लगाने वाले 19 लोगों को गिरफ्तार कर बड़ा खुलासा किया है।
पानीपत थर्मल के नजदीक हो रहे इसे खेल का पुलिस ने पीपल फॉर एनीमल संस्था के सहयोग से पर्दाफाश किया। संस्था का दावा है कि मुर्गों पर करीब एक करोड़ रुपये का सट्टा लगा था। लड़ाई में करीब डेढ़ दर्जन मुर्गे लहूलुहान हो गए, जिन्हें पशु चिकित्सालय में दाखिल कराया गया है।
इस खेल को देखने चार-पांच सौ लोग आए थे। पुलिस के पहुंचते ही अनेक लोग भाग गए। मौके से 19 लोगों को गिरफ्तार कर करीब 50 मोटरसाइकिल व दूसरे वाहन जब्त किए गए हैं। पीपल फॉर एनीमल के पदाधिकारियों को साथ लेकर पुलिस ने थाना मतलौडा के तहत थर्मल क्षेत्र में दबिश दी।
यहां पर खुले मैदान में मुर्गों की लड़ाई करवाकर सट्टा खेला जा रहा था। करीब पांच सौ लोग यहां जमा थे और पानीपत व आसपास के जिलों समेत यूपी व दिल्ली से लोग दांव लगाने आए थे।
डेढ़ दर्जन मुर्गे घायलावस्था में मिले
पीपल फॉर एनीमल व पुलिस की टीम को देखकर खाईवाल व बोलीदाता समेत तमाशबीन बने लोग भाग खड़े हुए। पुलिस ने 19 लोगों को काबू कर लिया। करीब डेढ़ दर्जन मुर्गे घायलावस्था में मिले, जिन्हें पशु चिकित्सालय ले जाया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गेंबलिंग एक्ट, पशु क्रूरता समेत अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
आईजी व एसपी को दी थी सूचना
पीपल फॉर एलीमल के राष्ट्रीय अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने मुर्गों की लड़ाई पर सट्टे की सूचना आईजी रोहतक रेंज व पुलिस अधीक्षक पानीपत को दी थी। गुप्ता का आरोप है कि मतलौडा पुलिस को मुर्गों की लड़ाई पर सट्टे की पूरी जानकारी होती है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं करती। ऐसे में सीआईए पानीपत को साथ लेकर दबिश दी गई।
ये लोग हुए गिरफ्तार
करनाल निवासी शालू, भेला, गन्नौर निवासी सन्नी,नवादा पार निवासी जगपाल, खेड़ी तगा निवासी राज,ू मेला खालसा निवासी बलवान नाथ, पलहेड़ा निवासी बबू खान, चांद सराय-करनाल निवास कर्ण, समालखा निवासी अजीत, कृष्ण व दलबीर, अराईपुरा निवासी सोनू व काला, पानीपत निवासी हंगा व प्रेम, कांधला(यूपी) का ऐजाज, पत्थरगढ़ का राशिद, रामगढ़ निवासी श्रीचंद, जहांगीरपुरी(दिल्ली) निवासी सोमपाल को गिरफ्तार किया गया है।