एक युवक ने अपनी ही राइफल से खुद को गोली मारकर जीवनलीला खत्म कर ली। घटना पंजाब के बरनाला की है। मृतक की पहचान गांव सेखा निवासी किसान भूपिंदर सिंह के रूप में हुई।
थाना सदर के प्रभारी सतनाम सिंह ने बताया कि किसान भूपिंदर सिंह पुत्र मेहर सिंह निवासी सेखा कर्ज के कारण काफी दिनों से मानसिक रूप से परेशान था। वह ठेके पर जमीन लेकर गुजारा चला रहा था लेकिन उसके सिर पर चढ़ा कर्ज उतरने का नाम नहीं ले रहा था।
उसने कई बैंकों से लिमिटें भी बनवा रखी थी। इस बार उसकी गेहूं की फसल कम होने से वह परेशान था। थाना प्रभारी सतनाम सिंह ने बताया कि किसान भूपिंदर सिंह ने रविवार को घर पर अपने आपको गोली मार ली। भूपिंदर सिंह के बेटे के बयान पर धारा 174 का मामला दर्ज किया गया है।
उधर कांग्रेस के विधायक केवल ढिल्लों ने पीड़ित परिवार से संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि अकाली-भाजपा सरकार में किसानों की खुदकुशी का सिलसिला थम नहीं रहा है। यह सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है। ढिल्लों ने कहा कि राज्य सरकार को पीड़ित परिवार को तुरंत मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देनी चाहिए।