मैट्रीमोनियल साइट पर एनआरआई लड़का और लड़की ढूंढने से पहले यह खबर जरूर पढ़ लें। हाल ही में फ्रॉड का एक मामला सामने आया है। तलाक की बात छिपाकर एनआरआई युवक ने शादी डॉट काम के जरिए चंडीगढ़ की युवती से शादी कर ली, लेकिन मैरिज सर्टिफिकेट बनवाने के दौरान यह राज छुप नहीं सका।
युवती ने जब तलाक की बात छिपाने का कारण पूछा तो एनआरआई ने उसकी पिटाई कर दी। यह आरोप लगाते हुए युवती अपने परिजनों के साथ्ा सेक्टर-34 थाने पहुंची, लेकिन पुलिस कार्रवाई के बजाय दोनों पक्षों में समझौता कराने में जुट गई। युवती ने जब इससे इनकार किया तो पुलिस ने शुक्रवार देर रात वुमन सेल को केस ट्रांसफर कर दिया।
आरोपी बलप्रीत सिंह बेदी चंडीगढ़ के सेक्टर-33 सी का रहने वाला है और उसका पूरा परिवार कनाडा में रहता है। वह भी कनाडा में आईटी डिपार्टमेंट में काम करता है। 27 अप्रैल 2015 को शहर के ही केएलजी होटल में उसकी शादी हुई थी।
पासपोर्ट, टिकट तक जब्त नहीं किए
युवती के परिजनों ने बताया कि एनआरआई की मंडे को विदेश की फ्लाइट है। इसके बाद भी सेक्टर-34 थाना पुलिस ने न तो आरोपी बलप्रीत का पासपोर्ट जब्त किया और न ही टिकट को कब्जे में लिया। आरोप है कि पुलिस युवक को बचाने में जुटी है।
कई दिनों तक होती रही घरेलू कलह
आरोप है कि तलाकशुदा होने का राज खुलने पर घर में अक्सर विवाद होता था और बलप्रीत युवती को पीटता था। यह सिलसिला कई दिनों तक जारी रहा।
इसी बात पर वीरवार को फिर विवाद हुआ और बलप्रीत ने उसे फिर पीटा। युवती ने पूरे मामले की जानकारी अपने चाचा और भाई को दी। इसके बाद मामला सेक्टर-34 थाने तक पहुंचा।
मैरिज सर्टिफिकेट में फर्जी एड्रेस लिखवाया
आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद बलप्रीत ने युवती के परिजनों से कहा कि उसने चंडीगढ़ में शादी का सर्टिफिकेट बनवाने के लिए अप्लाई किया था, लेकिन नियम बदलने के कारण आवेदन कैंसल हो गया। अब दूसरी जगह अप्लाई करेगा।
इसके बाद उसने छह मई को शादी का सर्टिफिकेट बनवाने के लिए जीरकपुर तहसील में अप्लाई किया, जिसमें घर का पता फर्जी लिखवाया। इस दौरान उसने खुद को तलाकशुदा बताया, लेकिन यह मामला सार्वजनिक हो गया।
दो शादी के बाद फिर बनाई फेक आईडी
एनआरआई बलप्रीत ने दूसरी शादी करने के बाद फोटो बदलकर शादी डॉट काम पर फिर से अप्लाई कर दिया। युवती के परिजनों को इसकी भी जानकारी मिल गई। उन्होंने जब इसके बारे में पूछा तो युवक ने कहा कि वह इसे हटाना भूल गया, जबकि शादी डॉट काम पर 18 जून तक नेवर मैरिड शो होता रहा। युवती के परिजनों का आरोप है कि युवक शादी डॉट काम के जरिए लड़कियों को फंसाता है और शादी करके मोटी रकम ऐंठता है।
युवक ने शादी का सर्टिफिकेट बनवाने के दौरान तलाकशुदा होने जिक्र किया था। युवती की तरफ से शिकायत मिली है। शुक्रवार को दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। युवती और उसके परिजन तो थाने पहुंच गए, लेकिन आरोपी पक्ष नहीं आया। इसके बाद यह फाइल वुमन सेल को ट्रांसफर कर दिया गया।
- बलजीत सिंह, एसएचओ, सेक्टर-34