जसिया पेट्रोल पंप पर लूट की वारदात यहां पर लगे सीसीटीवी में भी कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार 12 बजकर 20 मिनट पर कार सवार चारों बदमाश पेट्रोल पंप पर पहुंचे। रेकी करने के बाद बदमाश कार में सवार होकर चले गए। इसके बाद फिर से 12 बजकर 41 मिनट पर पेट्रोल पंप पर पहुंचे। पेट्रोल डलवाने के बहाने एक बदमाश फिलिंग स्टेशन के अंदर घुस गया और मैनेजर अनिल व सेल्समैन प्रदीप के साथ मारपीट शुरू कर दी।
दोनों के साथ गाली गलौज भी की। बदमाशों ने कभी थप्पड़ तो कभी लात घूसों से पीटा। वाईफाई सिस्टम भी तोड़ दिया। यहां से साठ हजार रुपये लूटे। सीसीटीवी के अनुसार 12 बजकर 49 मिनट पर वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश पुलिस से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
बदमाश के हाथ से निकला खून
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि वाईफाई सिस्टम को तोड़ने के दौरान एक बदमाश के हाथ से खून निकल रहा। काफी देर तक वह खून निकलने के बाद हाथ को मुंह से लगाते भी नजर आया।
जुलाना में एक बजे दिया वारदात को अंजाम
जुलाना के पेट्रोल पंप पर रात एक बजे वारदात को अंजाम दिया गया। यहां से बदमाश सीसीटीवी की डीवीआर भी निकालकर ले गए।
इसके अलावा भालौठ गांव के रहने वाले किसान सुरेश कुमार ने बताया कि उसका बेटा विकास कुमार नगर निगम में ड्राइवर है। मंगलवार रात विकास घर से रोहतक के लिए निकला था। लौटते समय रात करीब एक बजे खरावड़ पुल के पास नींद आने के कारण कार खड़ी कर उसमें सो गया।
इस स्थान पर अधिकतर पुलिस भी गश्त करती रहती है। इसी दौरान बदमाश आए और पिस्तौल के बल पर उससे नकदी, मोबाइल ओर ब्रेजा कार लूट ली। विरोध करने पर पिटाई की गई। मामले की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अहम सुराग लगे हाथ, इनाम रखा
एक ही रात में चांदी, जसिया समेत तीन पेट्रोल पंपों से लूट करने के मामले में खुलासे के लिए एसपी ने पुलिस के अलावा सीआईए की तीनों टीमों को लगाया है। इसके अलावा विशेष टीम का भी गठन किया गया है। सीसीटीवी में कैद बदमाशों के फोटो जारी करते हुए लोगों से पकड़वाने में सहयोग की अपील की गई। है।
सहयोग करने वालों को उचित इनाम दिया जाएगा। उधर पुलिस सूत्रों का कहना है कि बदमाश स्थानीय भाषा ही बोल रहे थे। स्थानीय बदमाशों ने ही वारदात को अंजाम दिया है। जल्द ही गिरोह को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।