एसोसिएशन ऑफ एक्टिव एनजीओ (आन) की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने एक ऑटो चालक को बड़ी मात्रा में पाबंदीशुदा चाइना डोर के साथ काबू कर लिया।
‘आन’ के प्रवक्ता संदीप अग्रवाल ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से जानलेवा चाइना डोर बेचने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। एसोसिएशन को गुप्त सूचना मिली कि रामबाग रोड पर रहने वाला ऑटो चालक सुखदेव सिंह उर्फ कोकी छिपकर पाबंदीशुदा चाइना डोर बेचने का गोरखधंधा भी चला रहा है।
संस्था ने इस संबंधी कोतवाली पुलिस को सूचित किया। थाना कोतवाली के एसएचओ हरबंस सिंह ने तुरंत टीम गठित कर सुखदेव सिंह को चाइना डोर के 34 गट्टू समेत काबू कर लिया।
समाजसेवी संस्था नौजवान वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष सोनू माहेश्वरी ने लोगों से अपील की कि चाइना डोर के कारण कई जानलेवा हादसे हो चुके हैं इसलिए लोग इस डोर का इस्तेमाल न करें।
यदि कोई व्यक्ति इस पाबंदीशुदा डोर को बेच रहा है या इस डोर को किसी ने स्टोर कर रखा है तो इसकी सूचना संस्था या पुलिस को दें।