अभी एक्सिस बैंक की कैश वैन लूटने की वारदात को पुलिस सुलझा भी नहीं पाई थी कि मंगलवार को जिला पुलिस एक बार फिर मुश्किल में आ गई है।
एक नामी बैंक की कैश वैन को संदिग्ध हालत में एक मारुति कार ने ओवर टेक की कोशिश की। हालांकि सिक्योरिटी गार्ड की सतर्कता से वारदात होने से बच गई। वहीं सूचना मिलने पर कुछ समय के लिए लिए जिला पुलिस के हाथ पांव फूल गए।
इसके बाद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया और पूरे जिले में नाके लगा दिए। साथ ही नाकों पर मारुति कारों पर विशेष नजर रखने की हिदायत दी गई। हालांकि पुलिस अधिकारी इस मामले में अभी कुछ भी बोलने से परहेज कर रही है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर को मोहाली शहर से गुजर रही एक नामी बैंक की कैश वैन को एक मारुति कार ने संदिग्ध हालत में ओवर टेक करने का प्रयास किया। जैसे ही मारुति कार पर सुरक्षा गार्डों की नजर पड़ी। वे भी तुरंत हरकत में आ गए।
उन्होंने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी। इसी बीच कार देखते ही देखते गायब हो गई। वहीं पुलिस कर्मियों में सूचना मिलते ही हड़कंप मच और पूरे जिले में मैसेज फ्लैश कर दिया गया। साथ ही मारुति कार पर नजर रखने की हिदायत पुलिस मुलाजिमों को दी गई।
देर रात तक पुलिस वाले एक-एक गाड़ी को रोककर चेक करते रहे। नाके पर मौजूद मुलाजिमों ने बताया कि उन्हें एक संदिग्ध मारुति कार पर नजर रखने की स्पेशल हिदायत दी गई है। हालांकि अधिकारी इस मामले में कुछ भी बोलने से पहरेज कर रहे हैं। जबकि सूत्रों की मानें तो उच्च अधिकारियों के आदेश पर ही पुलिस ने जिले में नाके लगाकर चेकिंग अभियान चलाया।