थाना छप्पर क्षेत्र के एक गांव में बच्ची को टॉफी देने के बहाने 77 वर्ष का बूढ़ा कमरे में ले गया, जहां उसने बच्ची से रेप का प्रयास किया।
बच्ची के रोने-चीखने की आवाज सुनकर मौके पर लोग पहुंच गए। लोगों को देखकर आरोपी ने भागने का प्रयास किया लेकिन लोगों ने उसे दबोच लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
थाना छप्पर निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी दस वर्षीय भतीजी मानसिक रूप से कमजोर है। सोमवार दोपहर उसकी भतीजी घर के बाहर खेल रही थी।
गांव में ही रहने वाले 77 वर्षीय हरशरण सिंह उसकी भतीजी को टॉफी देने का लालच देकर कमरे में ले गया। जहां उसने बच्ची से रेप का प्रयास किया।
पीड़िता के चाचा ने बताया कि बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर गांव के लोग कमरे के पास पहुंच गए। लोगों को देख हरशरण ने भागने का प्रयास किया।
लेकिन लोगों ने उसे पकड़ उसकी धुनाई कर दी। वहीं सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को काबू कर लिया और पीड़िता के चाचा की शिकायत पर आरोपी को नामजद कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।