फर्जी पॉलिसी का झांसा देकर ठगने वाले तीन आरोपियों ने एसपी सिटी परविंदर सिंह को ही कॉल कर ठगी का शिकार बनाने की कोशिश की। हालांकि तुरंत मौके को भांपने के बाद एसपी की शिकायत पर साइबर सेल ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार तीनों की पहचान अमित हलदार निवासी न्यू अशोक नगर दिल्ली, कपिल कुमार फुलबिहार, गौतम बुद्ध नगर, यूपी और पंकज कुमार मीटनगर, न्यू दिल्ली के रूप में हुई। तीनों आरोपियों को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड लिया है।
डॉ. सुखचैन सिंह ने बताया कि एसपी सिटी परविंदर सिंह के मोबाइल पर एक मई को अज्ञात नंबर से कॉल आई। उस समय एसपी सिटी के मीटिंग में होने के कारण उनके रीडर ने कॉल अटेंड की। कॉल करने वाले ने कहा कि आपकी साढ़े पांच लाख की रिलायंस पॉलिसी है। जो लेप्स होने वाली है, अगर आपको उसे बचाना है तो सात प्रतिशत राशि तुरंत जमा करानी होगी। मीटिंग के बाद आरोपी ने दोबारा कॉल की और एसपी सिटी से बातचीत हुई। इसके बाद उन्हें खुद की कोई पॉलिसी न होने पर शक हुआ। उन्होंने इसकी शिकायत साइबर सेल विभाग को दी।
वहीं इस दौरान एसपी सिटी परविंदर ने आरोपियों को उलझा कर रखा। उसी दिन शाम को आरोपियों ने कॉल कर कहा कि पैंतीस हजार रुपये अकाउंट में डलवाने के बाद पॉलिसी के साढ़े पांच लाख रुपये आपके बच जाएंगे। इसके बाद एसपी सिटी ने जवाब दिया कि उनके पास फिलहाल दस हजार रुपये हैं।
यह रुपये वह आपके अकाउंट नंबर पर भेज रहे हैं। बाकी के पैसे दो दिन में भेज देंगे। आरोपियों ने कहा कि आपको एक दिन का समय दिया जा सकता है। वारना आपके पॉलिसी के पैसे लेप्स हो जाएंगे। दूसरे दिन एसपी सिटी के पास आरोपियों के बार-बार कॉल आने शुरू हो गए। उन्होंने बताया कि पैसे तो उनके पास आ गए हैं, लेकिन उनके एक रिश्तेदार का एक्सीडेंट हो गया है।
इस पर आरोपियों का जवाब आया कि आप अपना पता बता दो, हमारे कंपनी के कर्मचारी जाकर पैसे ले लेंगे। इस दौरान साइबर सेल विभाग ने ट्रैप लगा लिए थे। जबकि तीनों आरोपी सेक्टर-17 बस स्टैंड के पास आए और पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दिल्ली से गैंग को ऑपरेट किया
डॉ. सुखचैन सिंह गिल के अनुसार पुलिस की प्राथमिक जांच में दिल्ली से गैंग को ऑपरेट करने की बात सामने आई है। गिल ने बताया कि पकड़े गए आरोपी ही उन्हें लगातार कॉल कर रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से रिमांड में अन्य ऐसी वारदात की जानकारी हासिल करेगी।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
एसपी सिटी की शिकायत पर साइबर सेल डीएसपी दीपक यादव, इंस्पेक्टर जसपाल सिंह की टीम बनाई गई। इसके बाद वह आरोपी और एसपी सिटी के टच में लगातार बने हुए थे।
डीएसपी दीपक यादव ने आरोपियों के अकाउंट नंबर व कॉल के नंबर का वेरिफिकेशन करवाया। जिसके बाद ट्रैप लगाकर पैसे लेने आए तीनों आरोपियों को एक साथ दबोच लिया गया।