सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में युवकों ने गुंडागर्दी दिखाते हुए एनआरआई पर हमला कर दिया। वहीं बीच बचाव करने आए उसके भाई और पड़ोसी पर भी आरोपियों ने हमला कर तीनों को घायल कर दिया। चंडीगढ़ के सेक्टर-22 में रविवार देर रात मामूली बहस के बाद गेइंग गेस्ट (पीजी) में रहने वाले युवकों ने एनआरआई, उसके भाई और पड़ोसी पर डंडों से हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब एनआरआई घर के बाहर कुत्ता घुमा रहा था। इसी दौरान कार सवार युवक ने एनआरआई के बिल्कुल नजदीक से कट मारा, जिस पर टोकने के बाद विवाद बढ़ गया। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने एनआरआई की शिकायत पर आरोपी अरुण और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पीड़ित अनूप सिंह राणा ने पुलिस को बताया कि वह इटली में रहते हैं। हाल ही में भारत आए हैं। 23 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे वह अपना कुत्ते के साथ घर के बाहर टहल रहे थे। तभी सेक्टर-22 के पीजी में रहने वाला अरुण कार से आया और पास से कट मार दिया। टोकने पर आरोपी ने गाड़ी रोककर धमकी दी और कुत्ता कहीं और घुमाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों में बहस हो गई।
साथियों को बुलाकर किया हमला
बहस के बीच अनूप का भाई संदीप राणा और पड़ोसी सुरेश चोपड़ा भी वहां पहुंच गए। इसी दौरान अरुण ने अपने साथियों को बुला लिया। कुछ ही देर में थार और दूसरी गाड़ी में पहुंचे युवकों ने डंडों से हमला कर तीनों को घायल कर दिया। शोर सुनकर मौके पर लोग जमा हुए तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। हमले में अनूप के सिर और पैरों पर चोटें आईं, जबकि संदीप और सुरेश भी घायल हुए हैं।