घर से भागकर शादी रचाने के बाद अदालत से सुरक्षा मुहैया कराने के लिए कचहरी में वकील के पास जा रहे प्रेमी जोड़े पर युवती के परिजनों ने जानलेवा हमला कर दिया। युवक तो जान बचाकर किसी तरह सेना क्षेत्र में भाग गया लेकिन युवती को आरोपी जबरदस्ती अपने साथ ले गए। थाना कैंट पुलिस ने मंगलवार को युवक के बयान पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। सभी आरोपी फरार हैं।
गांव शोरे वाला थाना लक्खे वाली मंडी जिला मुक्तसर साहिब निवासी युवक ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसने एक युवती के साथ घर से भागकर शादी की थी। उसके परिजनों से हमें जान का खतरा था। दोनों ने सुरक्षा मुहैया करवाने के लिए सेशन जज परमिंदरपाल सिंह की अदालत में याचिका डाली थी।
सोमवार शाम को जज के सामने पेश होने के लिए अपने वकील के चेंबर में जा रहे थे, उसी समय उसकी पत्नी के भाई और अन्य ने उन पर जानलेवा हमला कर दिया। वह आरोपियों के चंगुल से बच कर सेना क्षेत्र की तरफ भाग गया।
इसके बाद आरोपियों ने युवती को काबू कर लिया और जबरदस्ती अपने साथ ले गए। मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर बलबीर सिंह के मुताबिक सिकंदर सिंह के बयान पर सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें काबू किया जाएगा।