पठानकोट में सैन्य क्षेत्र के पास संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक युवक को सेना ने काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया है। पकड़ा गया 17 वर्षीय युवक अनंतनाग के गाजीकुंड (जम्मू-कश्मीर) का रहने वाला है। हालांकि, पुलिस के किसी भी अधिकारी ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सूत्रों के अनुसार बीती रात संदेहास्पद परिस्थितियों में एक युवक सेना के टेंपल एरिया के समीप घूम रहा था।
ड्यूटी पर तैनात सेना के जवानों ने उसे तुरंत काबू कर लिया और उससे पूछताछ की। सेना से जुड़े सूत्रों का कहना है कि युवक से कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। फिलहाल, पठानकोट सीआईए स्टाफ पुलिस युवक से पूछताछ में जुटी है। थाना 1 प्रभारी मनदीप सल्गौत्रा ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है।
दो स्कूलों में छुट्टी, अफवाहों का बाजार गर्म
पठानकोट में शनिवार सुबह केंद्रीय विद्यालय नंबर 2 और सेंट जोसेफ स्कूलों में अचानक छुट्टी कर दी गई। स्कूल प्रबंधकों ने छुट्टी का कारण ठंड बताया लेकिन बच्चों के अभिभावकों के गले से यह बात नीचे नहीं उतरी। इसी दौरान, पठानकोट में आतंकवादी पकड़े जाने की अफवाह फैल गई। इसके बाद पठानकोट में अफवाहों का बाजार गर्म हो गया। इस दौरान कुछ लोग आतंकी हमले, आतंकी पकड़े जाने या बम धमाके की अफवाह फैलाते रहे। हालांकि, एसएसपी पठानकोट हरकमलप्रीत सिंह खख ने कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं है। स्कूलों की छुट्टी पुलिस मॉक ड्रिल का हिस्सा थी।