पैरा एथलीट और अर्जुन अवार्डी अमित सरोहा और उनके परिजनों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और विवाहिता को मारपीट कर घर से निकालने का मामला दर्ज किया गया है।
इसके साथ ही, अमित की पत्नी ने अपने जेठ सुमित पर छेड़छाड़ का मामला भी दर्ज कराया है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पास मामला पहुंचने पर महिला थाना पुलिस ने जांच की थी। महिला थाना प्रभारी प्रोमिला ने बताया कि कृष्णा की शिकायत पर उसके पति अमित सरोहा, जेठ सुमित, सास और ससुर पर केस दर्ज किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
प्राधिकरण के पास शुक्रवार को अमित की पत्नी अहमदपुर निवासी कृष्णा ने गुहार लगाई थी। अमित पैरा ओलंपिक खेलों में देश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।
कृष्णा ने सीजेएम हर्षाली चौधरी के सामने दर्ज कराए बयान में कहा कि उसकी शादी अमित सरोहा से हुई थी। इस मामले में उसने एक मंदिर का विवाह प्रमाणपत्र और शादी के दौरान ली गई फोटो भी दिखाई।
पीड़िता का आरोप है कि उसके पति ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया और उसे दहेज लाने के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
क्या है विवाद
एसपी को कृष्णा ने छह फरवरी को दी शिकायत में कहा था कि उसकी और अमित की शादी तीन दिसंबर 2012 को दिल्ली के मंदिर में परिवार वालों की मौजूदगी में हुई थी।
शादी के बाद कुछ समय तो ठीक चला, लेकिन अमित के सरकारी सेवा में सहायक कोच बनने के बाद प्रताड़ना शुरू हो गई। उसे कई बार दहेज के लिए तंग किया गया। उसने पहले भी घरेलू हिंसा की शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, अमित पहले ही कृष्णा के साथ शादी होने की बात नकार चुका है।