उन्होंने बताया कि गिरोह के सदस्यों से 15 एसयूवी कारें बरामद करने के साथ ही उनसे मास्टर-की और इलेक्ट्रिक उपकरण भी मिले हैं। इनका इस्तेमाल वे कारें चुराने में करते थे। एसएसपी शर्मा ने बताया कि आरोपी अवतार सिंह भी तीन व्यक्तियों के गिरोह से चोरी की कारें खरीद आगे बेचने का काम करता था।
इन तीन व्यक्तियों में अमृतसर के कश्मीरपाल उर्फ बब्बी को गिरफ्तार किया गया है, जो वाहन डीलर है, जिसके खिलाफ ऐसे ही दो मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि मामले के बाकी आरोपियों की गिरफ्तार के लिए पुलिस दबिश दे रही है और बहुत जल्द इस गिरोह के अन्य सदस्यों को भी काबू कर लिया जाएगा।
आर्डर पर चुराते थे एसयूवी कारें
पुलिस ने खुलासा किया है कि यह चोर ऑर्डर के बाद कारों की चोरी करते हैं। इनके निशाने पर सामान्य कारें नहीं बल्कि कीमती एसयूवी होती हैं। इस गिरोह पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और यूपी में सक्रिय है। गिरोह के गुर्गे उन लोगों पर नजर रखते हैं जिनका एसयूवी कारों में आना-जाना होता है। वहीं पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी की कारों को डिफाल्टर ग्राहकों से वापस लेने की बात कहकर बेचते हैं।
बताया जा रहा है कि वाहन चोरी गिरोह के शातिर सदस्य पहले कार को चिन्हित कर उसकी तस्वीर लेते और इसके बाद सीमांत इलाकों में घूम-घूमकर ग्राहक की तलाश करते। ग्राहक मिलने के बाद उससे कुछ एडवांस लेते और उसके बाद कार को चुराकर जाली नंबर प्लेट और जाली दस्तावेज तैयार करवाने के बाद बहुत ही सस्ते दाम पर ग्राहक को बेच देते। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। मेहता थाना प्रभारी लवप्रीत सिंह बाजवा ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान यह खुलासा किया है कि वे पिछले दो सालों से यह काम कर रहे हैं। आरोपियों ने दिल्ली और तरनतारन के अपने दो-दो साथियों के नामों का खुलासा किया है।