सब-इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह की गाड़ी में आईईडी लगाने के मामले में रंजीत एवेन्यू की पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस आरोपी को गिरफ्तार कर अमृतसर के सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाकर अदालत में पेश कर दिया, जहां न्यायाधीश ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक पकड़े गए आरोपी की पहचान खुशहालबीर सिंह के रूप में बताई गई है। बताया जा रहा है कि आईईडी मामले के चौथे आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। पेशे से पेंट का काम करने वाले खुशहालबीर सिंह की आईआरबी के आरोपी कांस्टेबल हरपाल सिंह और हाल ही में शिरडी (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार राजिंदर कुमार उर्फ बाऊ के साथ काफी निकटता थी।
यह भी बताया जा रहा है कि सब-इंस्पेक्टर दिलबाग सिंह की गाड़ी में आईईडी लगाने से पहले की गई रेकी के दौरान खुशहालबीर सिंह राजिंदर सिंह बाऊ के साथ था। अदालत ने पुलिस को आरोपी का तीन दिन का रिमांड दिया है। इसके बाद ज्वाइंट इंटेरोगेशन सेंटर में इससे पहले पकड़े गए आरोपियों के साथ पूछताछ की गई।
दूसरी तरफ यह भी पता चला है कि पंजाब पुलिस की एक टीम ने राजस्थान पुलिस की मदद से शाम सुंदर नामक संदिग्ध को हिरासत में लेकर भी पूछताछ की है। आईईडी लगाए जाने के मामले में पुलिस अभी दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है, जिनके दिल्ली में छिपे होने की संभावना है। अंदेशा है कि वे मौका मिलते ही विदेश भागने की फिराक में हैं, इसलिए पंजाब पुलिस की एक टीम लगातार दिल्ली एयरपोर्ट पर नजर रखे है।
कनाडा में बैठा लंडा गुर्गों से करवा रहा रंगदारी की वसूली
पुलिस सूत्रों के मुताबिक कनाडा बैठा गैंगस्टर लखबीर सिंह उर्फ लंडा अपने गुर्गों के जरिये कारोबारियों, डॉक्टरों और जुआ खेलने वालों से लाखों रुपये रंगदारी वसूली करवा रहा है। पहले लंडा के इशारे पर गैंगस्टर प्रीत सेखो रंगदारी वसूली कर रहा था, जिसे अमृतसर की देहात पुलिस ने 2021 में गिरफ्तार किया था। पुलिस के पास यह भी सूचना है कि लंडा के इशारे पर सेखों जैसे गुर्गे पंजाब में कारोबारियों, डॉक्टरों और जुआ खेलने वालों को फोन करवा कर रंगदारी की वसूली कर रहे हैं।