मनीमाजरा। अंबाला से आए कपड़े के व्यापारी को झांसा देकर तीन लोगों ने उनकी कार में रखा रुपये से भरा सूटकेस उठा लिया। इसमें एक लाख से ज्यादा कैश और अन्य कागजात थे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंची और मौके का जायजा लिया। घटना शनिवार रात सवा नौ बजे की है।
अंबाला के व्यापारी रितेश गर्ग ओल्ड रोपड़ पर उस समय बचन ढाबे के सामने अपनी कार का टायर बदलवा रहे थे। इस दौरान तीन लोग आए और उनको झांसा देकर कार में रखा सूटकेस लेकर भाग गए।
रितेश गर्ग ने बताया कि सूटकेस में एक लाख रुपये से ज्यादा कैश और उनकी बहुत सारी रसीद बुक और अन्य सामान था।
रितेश गर्ग ने बताया कि वे अपने ड्राइवर मनजीत सिंह और सेल्समैन नरेश कुमार के साथ मनीमाजरा आए थे। शनिवार रात को मनीमाजरा की मार्केट से घर जाने लगे तो पता चला कि कार का टायर पेंचर हो गया है।
ड्राइवर और सेल्समैन टायर बदलने के लिए कार की डिग्गी खाली कर रहे थे। इतने में तीन लोगों उनके पास आए और कहने लगे की उनका सामना गाड़ी के बाहर गिरा पड़ा है।
जब वे सामने देखने के लिए कार के बाहर निकलते तो दूसरे तरफ से किसी ने उनके कार में रखा सूटकेस चोरी कर लिया।
लूट की सूचना मिलने पर संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान ओम प्रकाश बुद्धिराजा, वाइस चेयरमैन सुभाष सरिया, वार्ड प्रधान प्रदीप बागरा, स्वर्ण सिंह और सुशील जैन वहां पहुंचे।
उन्होंने मनीमाजरा के बाजारों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की। देर रात तक व्यापार मंडल के पदाधिकारी मनीमाजरा थाने में जमा थे।