ऑपरेशन सेल के हाथ एक बहुत बड़ी सफलता लगी है। ऑपरेशन सेल ने बब्बर खालसा के नाम पर व्यापारियों से फिरौती मांगने वाले को दबोच लिया है।
आरोपी पंचकूला सेक्टर 24 का रहने वाला जसबीर सिंह उर्फ जस्सी बताया जाया है। पुलिस विभाग में उसके नाम कई मामले दर्ज हैं। इससे पहले वह इमीग्रेशन कंपनी चलाता था और कई लोगों को ठग चुका है।
ऑपरेशन सेल ने आरोपी को जाल बिछाकर गिरफ्तार किया। जस्सी ने कुछ दिन पहले लैटर लिखकर एक व्यापारी से रुपयों की मांग की थी। व्यापारी सोलन के होटल हिमानी का मालिक था।
जस्सी ने रुपये बब्बर खालसा इंटरनेशनल के सेवादार को देने को कहे थे। होटल मालिक ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने यह मामला ऑपरेशन सेल को सौंपा।
ऑपरेशन सेल ने जाल बिछाकर पकड़ा
ऑपरेशन सेल ने एक टीम बनाकर हिमानी होटल के बाहर जाल बिछाया। वहां एक टैक्सी ड्राइवर ने जैसे ही व्यापारी से बैग लिया, पुलिस ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने मामले में पहले दो लोगों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ करने पर टैक्सी ड्राइवर ने अपना नाम रंजीत बताया और कहा कि वह ऐड देखकर होटल में इंटरव्यू देने आए थे। जस्सी ने उसे फोन करके पंचकूला सेक्टर-11 में एक शोरूम के बाहर बुलाया और होटल व्यापारी से एक बैग लेकर आने को कहा।
पुलिस ने रंजीत का पीछा किया। जब एक दूसरा टैक्सी वाला बैग लेने आया तो पुलिस ने उसे भी दबोच लिया और फिर मोबाइल लोकेशन का पीछा कर जस्सी को भी दबोच लिया।
ऐसे देता था वारदात को अंजाम
पुलिस की पूछताछ में जस्सी ने बताया कि उसने पहले सेक्टर-17 के व्यापारियों को धमकी भरे लेटर भेजे और साथ ही हिमाचल के एक अखबार में अकाउंटेंट की पोस्ट पर नौकरी का ऐड दिया।
दहशत फैलाने के लिए सेक्टर-17 में बब्बर खालसा के पोस्टर भी चिपकाए। जस्सी नौकरी के बहाने लोगों को लूटना चाहता था। वारदात को अंजाम देने के लिए जस्सी ने दो टैक्सी हायर की।
एक टैक्सी वाले रंजीत को सोलन के हिमानी होटल भेजा। दूसरे को रंजीत से बैग लेने के लिए भेजा। इन्हीं दोनों लोगों को जस्सी नौकरी के झांसे में फंसा रहा था।