फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोपड़ पेश होने पहुंचीं अलका लांबा: पुलिस ने जांच में नहीं किया शामिल, कहा- फाइल हाईकोर्ट में, कांग्रेस कार्यकर्ताओं का हंगामा

Wed, 27 Apr 2022 12:40 PM IST
ajay kumar संवाद न्यूज एजेंसी, रोपड़ (पंजाब)

सार

अलका लांबा के समर्थन में पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व डिप्टी सीएम सुखजिंदर रंधावा, यूथ कांग्रेस प्रधान बरिंदर ढिल्लो समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रोपड़ पहुंचे। 
विज्ञापन
संबोधित करते कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजा वड़िंग। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कवि कुमार विश्वास और अलका लांबा पर दर्ज एफआईआर के संबंध में रोपड़ पुलिस ने दोनों को बुधवार को पेश होने का नोटिस दिया था। इसके चलते कुमार विश्वास ने इस एफआईआर को रद्द करवाने के लिए पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दायर की तो अलका लांबा कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ बुधवार को एसएसपी दफ्तर पहुंचीं लेकिन पुलिस ने उन्हें जांच में शामिल नहीं किया। 

विज्ञापन


उन्हें बताया गया कि फाइल हाईकोर्ट में है। इस दौरान लांबा के साथ पंजाब कांग्रेस ने रोपड़ सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया और पुलिस से धक्कामुक्की भी हुई। कांग्रेस नेताओं ने अरविंद केजरीवाल के इशारों पर अलका लांबा पर झूठा केस दर्ज करने का आरोप लगाया। वहीं नवजोत सिद्धू धरना स्थल पर तो पहुंचे लेकिन प्रदर्शन में शामिल हुए बिना ही चले गए।

विज्ञापन


प्रदर्शन के दौरान पंजाब कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग, विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा और अलका लांबा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। जब कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता एसएसपी दफ्तर में दाखिल होने लगे तो पुलिस के साथ धक्कामुक्की हो गई। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को सचिवालय के गेट से अंदर जाने से रोक दिया। 

Trending Videos

इस दौरान पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान बरिंदर सिंह ढिल्लों लघु सचिवालय के मुख्य गेट के ऊपर चढ़ गए तो पुलिस ने कुछ समय के बाद गेट खोल दिया। इसके बाद सभी कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ताओं ने एसएसपी दफ्तर में दाखिल होने का प्रयास किया तो यहां भी पुलिस से धक्कामुक्की हुई और पुलिस ने दफ्तर के बाहर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। 

कुछ सीनियर नेताओं को ही एसएसपी दफ्तर में दाखिल होने दिया। इस धक्कामुक्की के दौरान एसएसपी दफ्तर के मुख्य द्वार का शीशा भी टूट गया। काफी समय तक अलका लांबा समेत पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व कैबिनेट मंत्री सुख सरकारिया, सुखजिंदर सिंह रंधावा, गुरकीरत सिंह कोटली, राज कुमार चब्बेवाल, बलबीर सिंह सिद्धू, तृप्त रजिंदर बाजवा, भरत भूषण आशु, जीपी सिंह, हरमिंदर सिंह गिल, लखवीर सिंह लखा, बरिंदर सिंह ढिल्लों एसएसपी दफ्तर में बैठे रहे लेकिन वहां एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग दफ्तर में नहीं मिले। 



इसके बाद कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग ने बाहर आकर नाराजगी जताई और कहा कि एसएसपी दफ्तर में क्यों हाजिर नहीं हैं। कुछ समय के बाद एसएसपी डॉ. संदीप गर्ग दफ्तर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को मामले की फाइल हाईकोर्ट में होने की जानकारी दी और थाना सदर में हाजिरी लगवाने की बात कही। 

इस पर कांग्रेस नेता भड़ककर एसएसपी दफ्तर से उठकर बाहर आ गए। प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि दो घंटे इंतजार करवाने के बाद एसएसपी ने कहा कि मामले की फाइल हाईकोर्ट में है और अलका लांबा थाने में हाजिरी लगवाएं। उन्होंने कहा कि सारी कार्रवाई दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के इशारों पर हो रही है।

बाजवा ने कहा कि अलका लांबा को परेशान किया जा रहा है और झूठे बयान पर मामला दर्ज किया गया है। इस दौरान अलका लांबा ने कहा कि दिल्ली से जांच करने का आदेश आया है और राघव चड्ढा के कहने पर पुलिस चल रही है। कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग ने कहा कि पंजाब में यह सभ्यता नहीं है कि किसी महिला को बिना किसी बात के थाने में बुलाया जाए। 



उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान को मनमानी नहीं करने दी जाएगी। राजा वड़िंग ने एसएसपी को भी चेतावनी दी और कहा कि वह आईपीएस अफसर की तरह बर्ताव करें और झूठे मामले दर्ज न करें। इसके बाद कांग्रेस नेता अलका लांबा के साथ सदर थाने पहुंचे। यहां एसपी हरबीर सिंह अटवाल के समक्ष अलका लांबा पेश हुईं और जांच में शामिल होने की बात कही। 
विज्ञापन

थाने से बाहर आई अलका लांबा ने कहा कि पुलिस ने कहीं पर भी उनके दस्तखत नहीं करवाए और यही कहा कि फाइल हाईकोर्ट में गई हुई है। उन्होंने कहा कि पुलिस को यही पता नहीं है कि उनसे क्या पूछताछ की जानी है, क्योंकि दिल्ली से सवाल नहीं आए हैं। अलका लांबा ने कहा कि वह डरने वाली महिला नहीं है और इस केस में जब भी पुलिस बुलाएगी वह आएंगी और अपने बयान पर अडिग रहेंगी। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सबूतों के साथ आम आदमी पार्टी के खिलाफ और खुलासे किए जाएंगे।



केस की फाइल हाईकोर्ट भेजी गई है
एसपी हरबीर सिंह अटवाल ने कहा कि कुमार विश्वास द्वारा हाईकोर्ट में डाली गई याचिका के बारे में उन्हें कल पता चला है, जिसके लिए केस की फाइल हाईकोर्ट भेजी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी को परेशान नहीं कर रही। पुलिस ने पूरी तैयारी की हुई थी। हाईकोर्ट से अभी कोई आदेश नहीं आया है और बिना केस फाइल के जांच में शामिल नहीं किया जा सकता, जिसके लिए अलका लांबा को जांच में शामिल नहीं किया गया है। उन्होंने अलका लांबा से पूछे जाने सवालों पर कहा कि यह अभी जांच का विषय है। एसपी अटवाल ने कांग्रेस की पुलिस के साथ हुई धक्कामुक्की के सवाल पर कहा कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें