अकांक्ष सेन की हत्या का आरोपी फरीद सिंह
- फोटो : File Photo
हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रत्नी प्रतिभा सिंह के भतीजे अकांक्ष सेन की बीएमडब्ल्यू से रौंदकर हत्या के दूसरे मुख्य आरोपी बलराज सिंह रंधावा को पुलिस वारदात के 15 दिन बाद भी पकड़ नहीं पाई है। पुलिस ने मामले में सहआरोपी फरीद को भी रिमांड खत्म होने से पहले ही जिला अदालत में पेश जेल भिजवा दिया।
इसके पीछे पुलिस का तर्क है कि फरीद बार- बार अपने बयान बदल रहा था। जांच में फरीद बिल्कुल सहयोग नहीं कर रहा था। वहीं पुलिस बलराज के रिश्तेदारों व जानकारों पर दबाव बनाकर उस तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस कह रही है कि पहले तो वो सिर्फ आरोपी के करीबी रिश्तेदारों पर ही दबाव बना कर पूछताछ कर रही थी। लेकिन अब बलराज को जो भी जानता है, उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। शायद किसी से कोई सुराग निकल आए।
पुलिस मामले में बीएमडब्ल्यू कार भी पंजाब के मंडी गोबिंदगढ़ से बरामद कर चुकी है। पुलिस ने मामले बीएमडब्ल्यू कार फोरेंसिक जांच के लिए सीएफएसएल भेज दी है। पुलिस को सीएफएसएल रिपोर्ट का भी इंतजार है। वहीं, पुलिस अब तक उम्मीद कर रही थी कि बलराज खुद ही सरेंडर कर देगा। उसके एक रिश्तेदार को साथ लिया हुआ था। लेकिन बलराज ने ऐसा नहीं किया।