शहर में मंगलवार को एक बार फिर पुलिस ने ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले लोगों पर शिकंजा कसते हुए चालान काटे। इस दौरान पुलिस ने रांग साइड में कार खड़ी करने पर रोपड़ के नायाब तहसीलदार का चालान काटा।
वहीं, एक अकाली नेता को भी ड्राइव करते समय सीट बेल्ट न पहनना मंहगा पड़ गया। पुलिस ने उनका मौके पर चालान काटा। हालांकि अकाली नेता पर जब पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही थी उस समय नेता ने काफी रौब दिखाया। लेकिन पुलिस ने उनकी एक नहीं सुनी।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब पांच बजे के करीब पुलिस ने फेज-7 की मार्केट में नाका लगाया था। उस समय रोपड़ के नायाब तहसीलदार रजिंदर सिंह ने सड़क पर गलत तरीके से कार खड़ी कर दी। इसी बीच ट्रैफिक इंचार्ज गुरमीत सिंह सोहल ने उसकी गाड़ी का चालान कर दिया।
इससे पहले सोमवार की रात एक अकाली नेता अपनी कार पर वीआईपी स्टिकर लगाकर घूम रहा था। उन्होंने ड्राइव करते समय सीट बेल्ट नहीं पहनी हुई थी। जैसे ही पुलिस ने गाड़ी को रोका तो नेता ने पुलिस कर्मियों को धमकाना शुरू कर दिया। साथ ही कहा कि वे उन्हें देख लेगा।
इसी बीच उसने एक सीनियर अधिकारी को फोन मिलाया व ड्यूटी पर तैनात मुलाजिमों को बात करने को कहा। लेकिन मुलाजिमों ने बात करने से मना कर दिया। साथ ही चालान काटकर उसके हाथ में पक ड़ा दिया।
दो घंटे में काटे डेढ़ सौ चालान
पुलिस कर्मियों ने नाके के दौरान तकरीबन डेढ़ सौ चालान किए। साथ ही सड़क पर गलत तरीके से पार्क गाड़ियों को भी पुलिस कर्मियों ने ने थाने पहुंचाया। ट्रैफिक इंचार्ज गुरमीत सोहल ने बताया कि उन्होंने मात्र दो घंटे में नाके के दौरान तकरीबन डेढ़ सौ चालान किए हैं। आने वाले समय में भी यह मुहिम जारी रहेगी।